अधिराज ने जीता वल्र्ड टेनिस टूर का पहला टाइटल

May 11 2024

ग्वालियर। शहर के अंतरराष्ट्रीय जूनियर टेनिस खिलाड़ी अधिराज ठाकुर ने भुवनेश्वर में इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (आइटीएफ) की अंडर-18 वल्र्ड टेनिस टूर जूनियर 30 भुवनेश्वर में जीत का सिलसिला जारी रखते हुए युगल फाइनल जीत लिया। ये उनके करियर का पहला अंतरराष्ट्रीय टाइटल है। 
भुवनेश्वर के नील रंग के हार्डकोर्ट पर 6 से 11 मई तक आयोजित इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन की वल्र्ड टेनिस टूर जूनियर 30 टूर्नामेंट का युगल फाइनल मुकाबला उम्मीद के मुताबिक रहा। इस आसान मुकाबले में जीत के रथ पर सवार अधिराज व उनके पार्टनर ओजस महलावत ने पूर्व की भारतीय जोड़ी रोहिथ हरि बालाजी गोविनाथ व थिरुमुरुगन विश्वनाथन को 6-3, 6-2 से पराजित किया। 
अधिराज की जोड़ी को फाइनल जीतने में सिर्फ डेढ़ घंटे का समय लगा। इस जोड़ी को अब वल्र्ड रैंकिंग में 15-15 प्वाइंट मिलेंगे,जिससे इनकी रैंकिंग में उछाल आएगा। 16 वर्षीय अधिराज का ये वल्र्ड टेनिस टूर में दूसरा टाइटल है। उन्होंने पिछले साल दिसंबर में नेपाल के पोखरा में पहला आइटीएफ वल्र्ड टेनिस टूर टूनार्मेंट खेला था और अपने अंतरराष्ट्रीय टेनिस करियर का पहला रजत पदक जीता था। संयोगवश इस टूनार्मेंट में भी ओजस उनके पार्टनर थे। 
अधिराज की इस सफलता पर मध्य प्रदेश टेनिस एसोसिएशन एवं ग्वालियर चंबल टेनिस एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों ने खुशी जाहिर की है।