शहर के चौराहों पर ऑटोमैटिक लाइटिंग फाउंटेन लगे

May 10 2024

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर के 6 प्रमुख चौराहों पर ऑटोमैटिक पैनल लाइटिंग के फाउंटेन लगाए गए हैं। जिसमें राजमाता चौराहा सिटी सेंटर एवं विवेकानंद तिराहा चेतकपुरी के फाउंटेन शुरू कर दिए गए हैं, जो कि आम नागरिकों को आकर्षित कर रहे हैं। इससे शहर में वायु प्रदूषण को कम करने भी भी मदद मिलेगी।
निगमायुक्त हर्ष सिंह के निर्देशन में नगर निगम द्वारा शहर के चौराहों को सुंदर बनाने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों के चलते नगर निगम द्वारा वायु प्रदूषण को कम करने के लिए शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों को सुंदर बनाया जा रहा है। साथ ही ऑटोमैटिक पैनल लाइटिंग फाउंटेन लगाए जा रहे हैं। इन फाउंटेन में से राजमाता चौराहा, विवेकानंद चौराहा के फाउंटेन शुरू कर दिए गए हैं।
फाउंटेन के साथ रंग बिरंगी रोशनियां लगाई गई हैं, जिससे यह फाउंटेन बेहद आकर्षक दिख रहे हैं। इससे एक ओर जहां शहर की सुंदरता बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर लगातार पानी चलने से वायु प्रदूषण में भी कमी आएगी। यह फाउंटेन शाम को 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक चलाए जाएंगे। मोती महल तिराहे का फाउंटेन भी तैयार है जो कि शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। बाकी फाउंटेन झलकारी बाई चौराहा आकाशवाणी के पास एवं इसी रोटरी पर और गोले का मंदिर चौराहा पर भी फाउंटेन लगाए गए हैं। इसके साथ ही चौराहों पर लगी मूर्तियों की सुंदरता को बढ़ाने के लिए फसाड लाइट भी लगाई गई हैं।