डीएसपी हेडक्वार्टर में पदस्थ आरक्षक ने खुद को मारी गोली, मौत

May 08 2024

मुरैना। मुरैना जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां डीएसपी हेडक्वार्टर में पदस्थ एक आरक्षक ने खुद को गोली मार ली। सिर में गोली धंसने से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। हालांकि खुदकुशी का कारण अज्ञात है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मामला पुलिस लाइन थाना क्षेत्र का है। 
जानकारी के मुताबिक डीएसपी हेडक्वार्टर के गनर विक्रम परमार ने खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौत हो गई है। विक्रम पुराने सिविल लाइन थाना के पीछे सरकारी क्वार्टर में निवासरत था। विक्रम परमार ने अम्बाह, दिमनी, मुरैना में सेवा दी थी।
विक्रम परमार के माता पिता ग्वालियर के विजयनगर गधाईपुरा में रहते हैं। विक्रम मुरैना में पत्नी, 16 साल की बेटी और 10 साल के बेटे के साथ सरकारी क्वार्टर में रहते थे। मूल रूप से वैपुरा बाड़ी बसेड़ी (धौलपुर, राजस्थान) के रहने वाले थे।
बताया जा रहा है कि विक्रम के एक पैर में फ्रैक्चर था, इसके बाद भी वे ड्यूटी कर रहे थे। ऐसी भी चर्चा है कि गत रात उनका पत्नी से किसी बात पर झगड़ा हुआ था। फिलहाल, पुलिस जांच कर रही है कि उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया।
इस घटना से पुलिस विभाग में हडक़ंप मच गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 
वहीं मुरैना के एसपी भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे है। फिलहाल मृतक ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया है, इसका कारण अज्ञात है। पुलिस अभी इस पूरे मामले की जांच कर रही है।