कूलर हटाने पर भाइयों ने एक दूसरे पर चलाईं तलवार,छह घायल

Apr 16 2024

ग्वालियर। सगे भाइयों के बीच कूलर हटाने के लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में खूनी फंसाद में बदल गया। भाइयों ने एक दूसरे पर तलवारों से ताबड़तोड़ हमले किए हैं। घर से लड़ते झगड़ते हुए परिवार के सदस्य सडक़ों पर आ गए। झगड़े में तीन भाई, मां-पिता व भाभी घायल हुए हैं। 
घटना मंगलवार को न्यू इन्द्रा नगर हजीरा की है। झगड़े में छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी को इलाज के लिए सिविल हॉस्पिटल हजीरा में भर्ती कराया गया है। परिवार में भाइयों के बीच प्रॉपर्टी को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था। पुलिस ने क्रॉस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हजीरा थाना क्षेत्र के न्यू इन्द्रानगर निवासी रामेश्वर सिंह परमार का अपने छोटे भाई धर्मेन्द्र परमार और मझले भाई जितेंद्र से विवाद हो गया। असल में रामेश्वर अपनी पत्नी के साथ मकान के एक हिस्से में रहता है। जबकि धर्मेद्र और जितेंद्र के साथ पिता प्रताप सिंह, मां मुन्नी बाई रहते हैं। मकान को लेकर इन तीनों भाइयों में अक्सर विवाद होता रहते थे। लेकिन मंगलवार को कमरे में रखे कूलर को हटाने के लिए कहने पर रामेश्वर और धर्मेन्द्र में विवाद हुआ। पहले तो दोनों में मुंहबाद हुआ, लेकिन बाद में यह विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे व तलवार निकल आई। 
रामेश्वर ने तलवार निकालकर भाइयों पर हमला कर दिया तो भाइयों ने भी उस पर तलवार से हमला कर दिया। बचाने आई भाभी, मां व पिता को भी नहीं छोड़ा। जो सामने आया उस पर ही हमला करते हुए पीटा। झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया है। कूलर हटाने को लेकर कहने पर हुए झगड़े में एक ही परिवार के छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों पर क्रॉस मामला दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि भाइयों के बीच मकान के हिस्से को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। कई बार इनमें पहले भी झगड़े हो चुके है। थाने में शिकायतें भी हुई, लेकिन विवाद थमा नहीं और मंगलवार को एक बार फिर इनमे झगड़ा हो गया।
घायल भाभी सरिता परमार का कहना है कि भाइयों के बीच मकान के हिस्से को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। कई बार इनमें पहले भी झगड़े हो चुके है। थाने मे शिकायते भी हुईं, लेकिन विवाद थमा नहीं। आज एक बार फिर इनमें झगड़ा हो गया। घायल महिला का कहना है कि वह इन लोगों की दो साल से शिकायत कर रही है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है।
इस मामले में एएसपी षियाज केएम ने बताया कि हजीरा थाना क्षेत्र के न्यू इंदिरा नगर में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हुआ है। दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ है, जिसमें परिवार के ही 6 लोग घायल हुए हैं। जिनको इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस जांच कर रही है कि लड़ाई की वजह क्या है।