कलेक्टर रूचिका चौहान ने नाके पर अपनी मौजूदगी में वाहनों की जांच कराई

Apr 15 2024

ग्वालियर। गत रात को कलेक्टर रूचिका चौहान अचानक शहर के नाकों पर तैनात एफएसटी व एसएसटी की चेकिंग देखने पहुंच गई। व कलेक्टर चौहान ने नाके पर अपनी मौजूदगी में वाहनों की जांच भी कराई। कलेक्टर चौहान को देखते ही अमला जोश में आ गया और हर वाहन को चेक करने लगा। इस पर कलेक्टर चौहान ने कहा कि एसएसटी एवं एफएसटी टीम भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
आयोग के दिशा-निर्देशों और आचार संहिता का उल्लंघन सामने आने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। निरीक्षण में कलेक्टर रूचिका चौहान के साथ निगमायुक्त हर्ष सिंह एवं अपर आयुक्त मुनीष सिकरवार व एसडीएम विनोद सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उनके साथ थे।
कलेक्टर रूचिका चौहान ने गत देर रात विक्की फैक्ट्री तिराहा पर स्थापित एसएसटी नाके के निरीक्षण के दौरान जोर देकर कहा कोई भी संदिग्ध वाहन बिना चैकिंग के निकलना नहीं चाहिए। संदिग्ध धनराशि, अवैध मादक पदार्थ और ऐसी वस्तुओं को जब्त करें, जिनसे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित होने की संभावना हो। 
जिले के लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्विघ्न एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव सम्पन्न कराने के मकसद से नाके बनाकर 22 एसएसटी (स्थेटिक सर्विलेंस टीम) तैनात की गई हैं। साथ ही 18-18 एफएसटी (फ्लाइंग स्क्वायड टीम) वीएसटी (वीडियो सर्विलेंस टीम) काम कर रही हैं। इन टीमों में सेक्टर अधिकारियों के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल शामिल किया गया है।