राष्ट्र निर्माण में बाबा साहब का योगदान अविस्मरणीय : तोमर

Apr 14 2024

ग्वालियर। संविधान निर्माता, भारत रत्न डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती पर रविवार 14 अप्रैल को शहरवासियों ने उन्हें याद किया। इस अवसर पर डॉ.अंबेडकर उद्यान में उनके प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर शहरवासियों ने उन्हें अपनी पुष्पांजलि अर्पित की। लोकसभा चुनाव होने के कारण रविवार को यहां सुबह से ही नेताओं का भी जमावड़ा रहा। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने इस अवसर पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में बाबा साहब का योगदान अविस्मरणीय है। 
सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब के नाम का उपयोग तो किया लेकिन उनके लिए कुछ नहीं किया, भाजपा ने सत्ता में आने के बाद उनके जन्म स्थल महू में भव्य स्मारक का निर्माण कराया।
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि डॉ.अंबेडकर भारत के प्रथम विधि एवं न्याय मंत्री भी रहे। देश की आजादी के बाद उन्होंने देश के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे संविधान विशेषज्ञ थे उन्होंने 60 देशें के संविधानों का अध्ययन किया था। उन्होंने भारतीय संविधान लिखकर भारत को एक अच्छा देश बनाया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रभात झा, जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, वरिष्ठ नेतागण अशोक शर्मा, रामवरन गुर्जर, सभापति मनोज तोमर, पूर्व जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी, पूर्व विधायक घनश्याम पिरौनिया, जिलामहामंत्री विनोद शर्मा, राजू पलैया, विनय जैन, सुमन शर्मा, रामेश्वर भदौरिया, विकास साहू, बूजेन्द्र सिंह जादौन, उपेन्द्र बैस, कनवर मंगलानी, जयप्रकाश मिश्रा, नीलिमा शिंदे, संतोष गोडयाले, जवाहर प्रजापति, नरसिंह राठौर आदि उपस्थित थे।
कांग्रेसी पहुंचे फूलबाग
अंबेडकर जयंती के मौके पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी सहित कई कांग्रेस नेताओं ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर कांगे्रसियों ने बाबा साहब के दबे-कुचले समाज को जगाने में उनकी भूमिका की सराहना करते हुए देश के लिए उनके योगदान की बात की।