बच्चे मादक द्रव्यों के व्यसन में नहीं फंसे, इसका ध्यान रखें:कलेक्टर

Apr 14 2024

ग्वालियर। कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके मानसिक स्वास्थ्य और व्यवहारिक स्वास्थ्य यानी बर्ताव पर भी ध्यान देने की जरूरत है। विशेष रूप से ध्यान दें कि वह मादक द्रव्यों के व्यसन में न फंस जाएं। कलेक्टर ने यह बात डबरा में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में संत कंवरराम स्कूल में आयोजित मन मित्र कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि स्कूलों में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों जैसे अवसाद और चिंता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
शिक्षकों व अभिभावकों को चाहिए कि वह बच्चों के साथ दोस्ताना व्यवहार कर उनकी मनोस्थिति को समझें और उन्हें उचित मार्गदर्शन दें।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम दिव्यांशु चौधरी ने बताया कि प्रथम चरण में मन मित्र कार्यक्रम के तहत 9वीं से 12वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं डबरा शहर के कुछ स्कूलों को भी इसमें शामिल किया है। 
प्रथम चरण में 30 स्कूलों में यह कार्यक्रम संचालित होगा। हर शनिवार को एक स्कूल में विशेषज्ञ वक्ताओं द्वारा बच्चों का मार्गदर्शन किया जाएगा। इसी कड़ी में कार्यक्रम का आयोजन संत कंवरराम स्कूल में किया गया है।