बीमा के 20 लाख के लिए पति की हत्याकर कार से रौंदा, पत्नी सहित चार गिरफ्तार, एक फरार
Apr 13 2024
ग्वालियर। पत्नी ने 20 लाख रुपए की बीमा पॉलिसी का क्लेम हासिल करने के लिए अपने ही पति की हत्या की साजिश रच दी। हत्या को सडक़ हादसा दिखाने के लिए प्लानिंग की, जिससे बीमा क्लेम मिल सके। पहले कार में पति के साथ घूमने निकली और उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद सडक़ किनारे उसे डालकर कई बार कार के पहिए से रौंदा, जिससे यह सडक़ हादसा लगे और बीमा कंपनी आसानी से क्लेम सैटल कर दे। घटना 3-4 अप्रैल की दरमियानी रात चीनौर की है। अगले दिन सडक़ किनारे पुलिस को युवक का शव मिला था। 9 दिन बाद पुलिस ने इस मामले में हत्या का खुलासा किया है। हत्या की पूरी साजिश मृतक की पत्नी ने रची थी। इसमें उसने अपने जीजा, जीजा के साडू व दो अन्य दोस्तों का इस्तेमाल किया था। पत्नी, जीजा, साडृ सहित चार लोग पकड़े गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या का क्लू मिला। जिस पर पुलिस खुलासे में लग गई थी।
एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि 4 अप्रैल सुबह एक युवक का शव चीनौर थाना क्षेत्र के भौरी पुलिया के पास सडक़ पर पड़ा मिला था। प्रारंभिक पड़ताल में घटनाक्रम एक्सीडेंट का प्रतीत हो रहा था। लेकिन घटना स्थल पर मृतक के जूते और चप्पल नहीं मिलने से मामले में शंका हुई। इसके साथ ही उसका मोबाइल भी नहीं मिला, जबकि सडक़ हादसे में यह सारी चीजें स्पॉट के आसपास ही मिल जाती हैं। जब पुलिस ने छानबीन की तो मृतक की जेब से आधार कार्ड मिला जिसके आधार पर मृतक की पहचान पुरानी छावनी इलाके में सुसेरा गांव का रहने वाले रामाधार पुत्र रामहेत जाटव के रूप में हुई थी। जांच में पता चला कि युवक की पत्नी से कुछ अनबन चल रही थी और वह शराब पीने का आदी था। मामला उलझा था, मामले की जांच की जिम्मेदारी एएसपी देहात निरंजन शर्मा को दी और इसके बाद पुलिस जांच में जुट गई।
पुलिस अभी तक जिसे संदिग्ध सडक़ हादसा मान रही थी। असल में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस की जांच की थ्योरी ही बदल गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत थ्रॉटलिंग (गला घोंटकर हत्या) से होना पाई गई। इस पर पुलिस अलर्ट हुई और पुलिस ने मृतक के परिजन व उससे मिलने-जुलने वालों का रिकॉर्ड खंगाला। रिकॉर्ड खंगालने पर मृतक रामाधार की पत्नी सीमा की भूमिका ही संदिग्ध नजर आई।
पुलिस ने जांच की तो पता चला कि मृतक की पत्नी ने कुछ समय पहले ही अपना मकान बेचा है और मृतक का लाइफ इंश्योरेंस कराया है। जब उसकी कॉल डिटेल निकाली तो कई लोगों से बातचीत होना पाया गया। घटना के समय भी मृतक की पत्नी और उसके साथियों की लोकेशन घटना स्थल पर थी। इसका पता चलते ही पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि पत्नी सीमा, उसका जीजा सुरेन्द्र, उसका साडू नरेन्द्र और दोस्त दिनेश, जितेन्द्र द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है।
पुलिस ने शंका के आधार पर पहले सीमा के जीजा सुरेन्द्र और जीजा के साडृ नरेन्द्र को पकड़ा और उनसे पूछताछ की तो मामला खुल गया। पता चला कि सुरेन्द्र, नरेन्द्र व उसके साथियों का सीमा के पास आना जाना था। रामाधार इसका विरोध करता था। इस पर रामाधार पत्नी सीमा की मारपीट भी करता था और वह शराब का आदी था। उससे परेशान होकर ही सीमा ने उससे मुक्ति दिलाने के लिए तैयार किया और सुरेन्द्र के साथ मिलकर योजना बनाई थी। इसका पता चलते ही पुलिस ने सीमा और दिनेश को भी पकड़ लिया, लेकिन मौका पाकर जितेन्द्र भाग निकला। पुलिस की एक टीम जितेन्द्र की तलाश में दबिश दे रही है और संभावना है कि जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
पुलिस ने जब मृतक की पत्नी सीमा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। उसने बताया कि पति उसे दोस्तों से बात करने से रोकता-टोकता था। जिसके चलते उसने ही उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। सबसे पहले उसका दिसंबर 2023 में जीवन बीमा कराया गया। जिसमें एक्सीडेंटल डेथ पर बीमा क्लेम के रूप में 20 लाख रुपए मिलने थे। इस पर आरोपियों ने बीमा के तीन महीने बाद की प्लानिंग उन्होंने की, जिससे किसी को संदेह न हो कि उसे बीमा क्लेम के लिए मारा गया है।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि सीमा पर शक ना हो इसलिए घटना से चार दिन पहले सीमा मुरैना में अपनी ननद के पास चली गई थी। इसके बाद सीमा के अन्य साथियों ने उसके पति को पार्टी के बहाने जमकर शराब पिलाई। जब वह नशे में चूर हो गया था सीमा के जीजा और साडृ ने रामाधार का गला घोंटा। इसके बाद उसके ऊपर कार चढ़ाई, जिससे उसकी मौत एक्सीडेंट से हुई लगे। क्योंकि कुछ दिन पहले ही मृतक की पत्नी सीमा ने उसका बीस लाख रुपए का एक्सीडेंट बीमा कराया था।
इस मामले में एसपी धर्मवीर सिंह का कहना है कि चीनौर थाना पुलिस ने सिर्फ 9 दिन में अंधे कत्ल का खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक आरोपी अभी फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है।
उक्त अंधेकत्ल का खुलासा करने वाली टीम में चीनोर थाना प्रभारी राजीव बिरथरे सहित एएसआइ बनवारी लाल सेन, दयाराम, महिला आरक्षक पूनम श्रीवास्तव, आरक्षक अतुल चौहान, रघुनंदन, गौरव, अतुल कुमार, सुनील व सैनिक जफर खां शामिल रहे।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









