प्रशिक्षु आर्ईपीएस अनु बेनीवाल ने फिर पकड़े तीन गिट्टी से भरे डंपर

Apr 12 2024

ग्वालियर। बिजौली इलाके में खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रशिक्षु आर्ईपीएस अनु बेनीवाल ने तीन डंपरों को पकड़ा है। डंपर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे थे। डंपरों में गिट्टी व डस्ट भरी थी। तीनों डंपरों को थाने में जब्त कर माइनिंग विभाग को कार्रवाई की सूचना दे दी है। डंपर चालकों को निकालने के लिए कोई अन्य युवक भी डंपरों के साथ चल रहा था, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। आईपीएस की कार्रवाई के चलते विगत दिनों एक युवक आईपीएस का पीछा कर जासूसी करते हुए भी पकड़ा गया था, जिसे पुलिस ने जेल भेज दिया है।
बिजौली थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अनु बेनीवाल को सूचना मिली थी कि इलाके से बिना रायल्टी के गिट्टी भरकर डंपर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। इस सूचना पर इलाके में तीन अलग पाइंट पर रात में डंपरों की चेकिंग की गई। बिजौली के रास्ते पर डंपर आते ही पुलिस ने डंपरों को रोकने की कोशिश की तो चालकों ने डंपरों को खेत के रास्ते में डाल दिया। पुलिस ने पीछा कर तीनों डंपर पकड़ लिए। एक डंपर में गिट्टी तथा दो में डस्ट भरी हुई थी।
ज्ञात रहे इन डंपरों को चालक बिना रायल्टी के लेकर जा रहे थे। डंपर चालकों के पास से पर्ची भी मिली है, जिस पर यूपी के रास्ते में रुपए बांटने का हिसाब था। इस पर्ची पर रुपए लेने वाले का नाम नहीं था, लेकिन उत्तर प्रदेश में डंपर निकालने पर चौकी के पास किसी व्यक्ति द्वारा रुपए लिए जाने की बात चालक ने बताई है।
पकड़े गए डंपरों पर पुलिस ने कार्रवाई कर खनिज विभाग को सौंप दिया। खनिज विभाग से इन डंपरों पर जुर्माना की कार्रवाई की जाएगी। बिना रॉयल्टी के वाहन पकड़े जाने पर उन पर करीब साढ़े चार लाख रुपए से पांच लाख रुपए तक का जुर्माना निर्धारित किया जाता है।