कलेक्टर व एसपी को केंद्रीय जेल के निरीक्षण में बैरिक के बाहर गुटके और बीड़ी के बिंडल मिले

Apr 12 2024

ग्वालियर। कलेक्टर रुचिका चौहान एवं एसपी धर्मवीर सिंह और जिला प्रशासन व पुलिस के अन्य अधिकारियों के साथ केन्द्रीय जेल का बारीकी से निरीक्षण किया। जेल निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी रुचिका चौहान ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए हैं कि वह मैन्युअल का कड़ाई से पालन कर कारागार की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। साथ ही इसमें कोई ढिलाई न हो।
वही जेल निरीक्षण के दौरान एक कैदी पर अधिकारियों को कुछ रुपए भी प्राप्त हुए हैं, इसके अलावा कैदियों के बैरिक के बाहर गुटके के खाली पाउच, बीड़ी के बिंडल सहित अन्य वस्तुएं डाली हुई मिली है।
केंद्रीय जेल निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं एसपी ने सजा प्राप्त एवं विचाराधीन कैदियों की बैरक व उनकी भोजन व्यवस्था देखी। साथ ही जेल मैन्युअल के अनुसार की गईं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। 
इस अवसर पर एसडीएम ग्वालियर सिटी अतुल सिंह सहित जिला प्रशासन व पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं जेल अधीक्षक सहित करीब पुलिस के 200 जवान मौजूद थे।