एडवोकेट द्वारा महिला आईपीएस पर अभद्रता का आरोप,एसपी से मामले की लिखित शिकायत

Apr 10 2024

ग्वालियर। बिजौली थाना प्रभारी व ट्रेनी महिला आईपीएस अनु बेनीवाल पर एडवोकेट ने अभद्रता, थाने में हत्या की धमकी देने और मारपीट का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत एसपी धर्मवीर सिंह से की गई है। जबकि महिला आईपीएस का कहना है कि एडवोकेट इतना समझदार होना चाहिए कि थाना में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। वकील साहब ने अपने क्लाइंट से मुलाकात की, लेकिन क्लाइंट ही उनको नहीं जानता था। किसी ने न उनको धमकाया है न ही छुआ है। पूरी घटना बिजौली थाना में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है। महिला आईपीएस ने फुटेज एसपी सिंह को सौंप दिए हैं। एडवोकेट जिसे छुड़ाने पहुंचे थे वह 54 लीटर शराब के साथ पकड़ा गया था। उस पर शराब तस्करी के 4 एफआईआर दर्ज हैं।
ग्वालियर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन और एडवोकेट कपिल शर्मा ने एसपी धर्मवीर सिंह को लिखित शिकायत की है कि जब एडवोकेट कपिल शर्मा अपने एक क्लाइंट से मिलने के लिए बिजौली थाना पहुंचे थे तो वहां उनको क्लाइंट से मिलने नहीं दिया गया। थाना प्रभारी ट्रेनी आईपीएस अनु बेनीवाल ने अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही मारपीट का भी आरोप है, जबकि मेरे क्लाइंट से मिलना अधिकार है। महिला आईपीएस के इस व्यवहार पर एडवोकेट कपिल मिश्रा ने उनकी शिकायत करते हुए एसपी धर्मवीर सिंह से कार्रवाई की मांग की है। 
एसपी ने लिखित शिकायत के बाद ट्रेनी महिला आईपीएस से इस संबंध में उनका स्पष्टीकरण मांगा है। महिला आईपीएस ने भी खुद पर लगे आरोपों के संबंध में सारी सूचना पहले ही एसपी को दी है। साथ ही एक सीसीटीवी कैमरे का फुटेज भी सौंपा है जिसमें पूरे मामले की सच्चाई है। यह सीसीटीवी फुटेज बिजौली थाना में लगे सीसीटीवी कैमरे का है।
बिजौली थाना प्रभारी व ट्रेनी महिला आईपीएस अनु बेनीवाल की टीम ने 7 अप्रैल को 54 लीटर देशी शराब के साथ शराब तस्कर छोटू उर्फ अजय पुत्र बृजेन्द्र यादव निवासी बड़ागांव खुरैरी को फक्कड़ बाबा आश्रम के पास से पकड़ा था। पुलिस लोकसभा चुनाव के चलते अवैध शराब, हथियार व अन्य मादक पदार्थ की तस्करी करने वालों पर एक्शन ले रही है। इस मामले में शराब के साथ पकड़े गए आरोपी अजय से मिलने के लिए एडवोकेट कपिल शर्मा पहुंचे थे। यहां उन्होंने उससे मिलने की मांग की। जब पुलिस ने अजय से पूछा कि आप इनको जानते हैं यह आपके वकील हैं तो उसने मना कर दिया। जिस पर पुलिस ने उनको मिलने से रोका, लेकिन एडवोकेट के विरोध जताने पर उनको 10 मिनट की मुलाकात के लिए इजाजत दी। इस दौरान महिला पुलिस अफसर व एडवोकेट में हॉटटॉक भी हुई। यहां से वापस लौटते ही एडवोकेट ने हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्यों के साथ एसपी धर्मवीर को शिकायत कर दी।
एडवोकेट कपिल शर्मा ने बताया कि जब वह अजय यादव से मिलने पहुंचे तो उस पर कोई मामला दर्ज नहीं था। पुलिस उसे उठाकर लाई थी और थाना में बैठा रखा था। जब मैं पहुंचा तो मुझे उससे मिलने नहीं दिया गया। महिला आईपीएस अनु बेनीवाल ने मुझे धमकाया और अभद्र व्यवहार किया। मुझे धमकाया गया कि यह थाना मेरा है और यहां की मैं मालिक हूं। इतना ही नहीं जान से मारने की धमकी देकर भगाया गया। इसके बाद मेरे क्लाइंट पर 54 लीटर शराब पकडऩा दिखाकर आईपीसी की धारा 34 आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दिया गया।
महिला आईपीएस अनु बेनीवाल ने कहा कि आरोपी को 54 लीटर शराब के साथ पकड़ा गया था। उसने अपना अपराध कुबूल किया है। एडवोकेट उसकी पैरवी करने पहुंचे थे। जब आरोपी से पूछा कि वह उनको जानता है तो उसने मना कर दिया था। इसके बाद भी उनको 10 मिनट तक आरोपी से मिलने दिया गया। वकील साहब के साथ न तो थाने में मारपीट हुई है न ही कोई अभद्रता की गई है। जब आरोपी नहीं मिलना चाह रहा था तो तब जरुर रोका गया था। इस पर उन्होंने गंभीर आरोप लगाकर शिकायत की है। पर वकील साहब को यह नहीं पता कि थाना में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। उसकी फुटेज मैंने अपने सीनियर ऑफिसर को भेज दी है। उसमें हर चीज साफ नजर आ रही है। मैंने वकील साहब के आने की बात भी रोचनामचे में लिखकर सीनियर को सूचना दी थी।
इस मामले में एएसपी षियाज केएम का कहना है कि मामले का पता लगा है। क्या शिकायत की गई है और क्या सबूत हैं उनकी हम जांच कर रहे हैं।