चैत्र नवरात्रि उत्सव शुरू, मंदिरों में लग रही भक्तों की भीड़

Apr 09 2024

ग्वालियर। मगंलवार 9 अप्रैल से चैत्र नवरात्रि शुरू होने के साथ ही भक्तों का माता के मंदिरों पर हुजूम देखा गया। ग्वालियर के प्रसिद्ध मंदिर मांढरे वाली माता पर तडक़े से ही श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा जो देर रात तक जारी रहा। मांढरे वाली माता मंदिर पर 9 दिन तक मां के नौ स्वरूप की विशेष रूप से आराधना की जाएगी। नवमीं को यहां विशाल भंडारा किया जाएगा। जिसमें कन्याओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाता है। यह सिंधिया घराने की कुलदेवी हैं। इसलिए यहां नौ दिन विशेष श्रृंगार किया जाता है। लगभग डेढ़ सौं साल पुराने इस मंदिर में पूजा अर्चना का विशेष महत्व भी होता है।
कैंसर पहाडिय़ा रोड पर स्थित 150 साल पुराने इस मंदिर की स्थापना सिंधिया राजवंश के कर्नल रहे आनंद राव मांढरे ने की थी। आनंद राव मांढरे महाराष्ट्र के सतारा के बायपास रोड पर स्थित प्राचीन मांढरे वाली माता के परम भक्त थे। जब सिंधिया रियासत में वे यहां पदाधिकारी बनकर ग्वालियर आए तो अपने साथ माता को भी यहां लेकर आए थे। मांढरे वाली माता की मान्यता है कि एक दिन आनंद राव को माता ने सपने में दर्शन दिए और किसी अच्छे स्थान पर प्राण प्रतिष्ठा कराने के लिए मांढरे से कहा, इस पर उन्होंने तत्कालीन महाराजा को सपने में माता के आदेश के बारे में बताया। महाराजा सिंधिया के प्रयासों से कैंसर पहाडिय़ा पर इस मंदिर की स्थापना की गई।
इस मंदिर की खास बात यह है कि यह सिंधिया राजवंश के महल जयविलास पैलेस से 1 किलोमीटर दूर होने के बावजूद महल की एक विशेष खिडक़ी से माता के दर्शन सिंधिया राजपरिवार के सदस्यों को होते थे। इस प्राचीन मंदिर के बारे में मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मुराद मांगने पर वह जरूर पूरी होती है। यहां बड़ी संख्या में महिला पुरुष और बच्चे आते हैं।
शहर के प्रमुख माता मंदिर शीतला माता मंदिर, करौली माता मंदिर, वैष्णोदेवी माता मंदिर, पहाडावाली माता मंदिर, नहरवाली माता मंदिर, मां मंशापूर्ण माता मंदिर सखिया विलास पर मंदिर प्रबंधन ने भक्तों की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। इसके अलावा इन मंदिरों पर महिला और पुरुष पुलिस बल मौजूद रहेगा ताकि भक्तगणों को मां की आराधना में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कोई एक दिन तो किसी ने नौ दिन का रखा व्रत
चैत्र नवरात्र के उपलक्ष्य में शहर भर में आदिशक्ति मां दुर्गा के भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। कोई पहले दिन का व्रत रखकर माता को मनाने का प्रयास कर रहा है तो कोई पूरे नौ दिन तक माता की आराधना कर व्रत रखे हुए हैं।
नवरात्रि महोत्सव का वैसे तो सभी में उत्साह रहता है पर इस उत्सव पर महिलाओं और युवतियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। 
मंदिरों पर रहा पुलिस बल तैनात
शहर के प्रमुख माता मंदिर सातऊं स्थित मां शीतला का दरबार, मांडरे की माता,करौली माता मंदिर महलगांव, वैष्णोदेवी माता मंदिर, पहाड़ावाली माता मंदिर सहित प्रमुख माता मंदिरों पर भतों की सुविधा के बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं ताकि भक्तगणों को मां की आराधना में किसी प्रकार की परेशानी न हो।