संस्कार भारती द्वारा जल विहार परिसर में मनाया गया नव संवत्सर महोत्सव

Apr 09 2024

ग्वालियर। ग्वालियर में नव संवत्सर का आगाज मंगलवार 9 अप्रैल को जलविहार में सूर्य को अर्क देकर मनाया गया। नव संवत्सर कालयुक्त नाम विक्रम संवत 2081 के सुस्वागतम के लिए संस्कार भारती का कार्यक्रम जलविहार परिसर पर प्रात: 4:40 पर संकीर्तन यात्रा, ज्योति कलश छलके, संस्कार भारती का ध्येय गीत, स्वागत गीत संकल्प गीत वैदिक ऋचाओं सारंगी वादन, वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ भगवान भुवन भास्कर को अर्घ देकर ग्वालियर के जनमानस ने नूतन वर्ष का स्वागत किया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने शुभकामना संदेश सुनाया। इसके बाद बंगाली समाज द्वारा देवी आह्वान, आर्य समाज द्वारा हवन किया गया।
फूलबाग स्थित जलविहार के आकर्षक विद्युत सज्जा से सुस्जजित परिसर में आयोजित नव सवंत्सर महोत्सव का शुभारंभ प्रात: 4.40 बजे, संकीर्तन यात्रा के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलन कर किया गया। संस्कार भारती के कलाकारों द्वारा जैन वाणी प्रार्थना की प्रस्तुति दी गई। वैदिक ऋचाओं का वाचन किया गया। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं द्वारा संकल्प गीत की प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर सांसद विवेक शेजवलकर ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नव संवत्सर ग्वालियर वासियो के लिए सुख समृद्धि खुशहाली लेकर आए। वहीं संस्कार भारती के आयोजक अशोक आनंद ने बताया कि आज के दिन ही भगवान प्रभु श्रीराम ने अयोध्या में गद्दी पर विराजमान हुए इसी दिन आरएसएस के हेडगेवार का जन्म हुआ। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की थी।
वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने आई दिव्यांशी यादव ने बताया कि हम हर वर्ष नव संवत्सर के कार्यक्रम में भाग लेते हैं और यहां काफी आनंद आता है। वही कला समूह नृत्य नाटक की अध्यक्ष संयोगिता श्रीवास्तव ने बताया कि हम पूरे भारतवर्ष में कथक नृत्य की प्रस्तुति देते आए हैं और हर वर्ष नव संवत्सर पर अपनी प्रस्तुति देते रहे हैं।
 इस अवसर पर राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर पंडित साहित्य कुमार नाहर, संस्कार भारती के अतुल अधोलिया, डॉ. संजय धवले, अनीता करकरे, दिनेश मिश्रा, शेखर दीक्षित, चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार, मनीष दीक्षित उपस्थित थे।