ग्वालियर-चंबल अंचल में अगले 48 घंटे में आंधी-बूंदाबांदी की संभावना

Apr 08 2024

ग्वालियर। अप्रैल का पहला सप्ताह अन्य सालो की तुलना में कम तपा है। रात का तापमान 17 से 20 डिग्री सेल्सियस तो दिन में 37 डिग्री के नजदीक रहा है, जबकि मौसम विभाग का अनुमान था कि अप्रैल के पहले सप्ताह में 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान हो जाएगा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटे में ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर व भिंड में आंधी आएगी। साथ ही गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के भी संभावना है।
ग्वालियर-चंबल अंचल में इस समय गर्मी का दौर जारी है। दिन और रात के तापमान हर दिन के साथ लगाता बढ़ रहा है। पर पश्चिमी विक्षोभ के चलते बीच-बीच में बादल आसमान में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। जिस कारण दिन और रात का तापमान पर ब्रेक भी लगा है। 
स्थानीय मौसम विभाग ने बताया है कि अप्रैल का पहला सप्ताह अन्य सालों की तुलना में ठंडक के बीच गुजरा है। अब दूसरे सप्ताह में भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इससे अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से अंचल की ओर नमी आ रही है, जिसके चलते बादल डेरा जमाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार और बुधवार को ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी व श्योपुर में आंधी आने के साथ ही गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। साथ ही 13 और 14 अप्रैल को दो नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। इससे बूंदाबांदी व आंधी की गतिविधियां बनी रहेंगी। इस कारण अप्रैल का दूसरा सप्ताह भी अपेक्षाकृत कम गर्म रहेगा।
स्वास्थ्य विभाग ने गर्मी को देखते हुए जारी कर चुका है एडवाइजरी
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बढ़ती गर्मी को देखते हुए इससे बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। सीएमएचओ डॉ.आरके राजौरिया ने बताया कि भीषण गर्मी में लू लगने की संभावना अधिक रहती है। लू लगने का प्रमुख कारण तेज धूप और गर्मी में ज्यादा देर तक रहने के कारण शरीर में पानी और खनिज मुख्यता नमक की कमी हो जाना होता है। लू से बचाव के लिए पानी अधिक मात्रा में पिएं। बच्चे, बुजुर्ग एवं बीमार व्यक्ति घर से बाहर कम निकलें। सीएमएचओ ने शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं को लू के प्रबंधन एवं बचाव के निर्देश जारी किए हैं।