दो वाहन चोर को चोरी की दस मोटर साइकिल सहित पकड़ा

Apr 08 2024

ग्वालियर। एसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर ग्वालियर जिले में वाहन चोरों तथा नकबजनी के अपराधियों की धरपकड़ हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। निर्देशों के तारतम्य में एएसपी अखिलेश रैनवाल द्वारा थाना प्रभारी इन्दरगंज को थाना क्षेत्र से चोरी गये वाहनों की बरामदगी कर चोरों को पकडऩे हेतु मुखबिर तंत्र विकसित करने के निर्देश दिये गये।
इसी दौरान जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई थी कि इन्दरगंज थाना क्षेत्रान्तर्गत यूको बैंक पुराने हाईकोर्ट के सामने से एक हीरो होण्डा डीलक्स मोटर साईकिल चोरी हुई थी, उसे एक व्यक्ति लिये हुए त्रिलोकी होटल के पास खडा हुआ है। उक्त सूचना पर थाना इन्दरगंज पुलिस की एक टीम को मुखबिर सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही करने हेतु भेजा गया।
सीएसपी शोक सिंह जादौन व थाना प्रभारी इन्दरगंज धर्मेन्द्र सिंह कुशवाह ने पुलिस की एक टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर भेजा गया। वहां पर पुलिस टीम को मुखबिर द्वारा बताये हुलिये का लडक़ा उक्त चोरी की मोटर साइकिल लिये खड़ा दिखा, पुलिस टीम को देखकर उसके द्वारा मौके से मोटर साइकिल स्टार्ट कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल द्वारा उक्त संदिग्ध को घेरकर पकड़ा गया। 
उक्त व्यक्ति से मोटर साइकिल के दस्तावेज माँगे तो न होना बताया। पकड़े गये संदिग्ध का नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम सूरज पुत्र बालकिशन जाटव उम्र 26 साल निवासी ग्राम बरौआ थाना पुरानी छावनी ग्वालियर का होना बताया। जब उससे गहनता से पूछताछ की गयी तो उसने मोटर साइकिल यूको बैंक पुराने हाईकोर्ट के सामने से चोरी करना बताया। इसके अलावा उक्त वाहन चोर द्वारा इंदरगंज व शहर के अन्य थाना क्षेत्रों से मोटर साइकिल भी चोरी करना बताया। पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये चोर से अन्य अपराधों में चोरी गयी मोटर साइकिलों के संबंध में पूछताछ की गई तो उसके द्वारा ग्वालियर जिले में कई जगह चोरी की घटना करना स्वीकार किया। आरोपी ने अपने साथी विवेक खन्ना पुत्र कप्तान खन्ना निवासी ग्राम खनैता थाना सिविल लाईन जिला मुरैना को चोरी की गई मोटर साइकिल देना बताया।
उक्त दोनों शातिर वाहन चोरों से ग्वालियर जिले के थाना इन्दरगंज, बहोडापुर, पुरानी छावनी क्षेत्र से चोरी गई कुल 10 मोटर साइकिल बरामद हुई।