सैकड़ों गाडिय़ों के काफिले के साथ मुरैना पहुंचे कांग्रेस प्रत्याशी सत्यपाल सिंह सिकरवार

Apr 07 2024

ग्वालियर। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश की मुरैना लोकसभा सीट से सत्यपाल सिंह सिकरवार को प्रत्याशी बनाया है। सत्यपाल सिंह सिकरवार सैकड़ो गाडिय़ों के काफिले के साथ रविवार सुबह मुरैना पहुंचे। यहां पर उन्होंने सभी लोगों से मुलाकात की, इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सत्यपाल सिंह सिकरवार का स्वागत किया। सत्यपाल सिंह ने इस दौरान मीडिया से बात की और कहा कि जनता का आशीर्वाद मिलेगा यह विश्वास है।
रविवार सुबह ललितपुर कॉलोनी ग्वालियर में स्थित अपने घर से पहले नीटू सिकरवार अचलेश्वर मंदिर पहुंचे और भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। यहां से बड़े काफिले के साथ सिकरवार मुरैना पहुंचे।
ठीक दस साल पहले सिकरवार भाजपा के टिकिट पर मुरैना की सुमावली विधानसभा से विधायक रह चुके हैं। इसी सीट से उनके पिता गजराज सिंह भी दो बार विधायक रह चुके हैं। 
वर्तमान में उनके बड़े भाई सतीश सिकरवार ग्वालियर पूर्व से कांग्रेस के विधायक हैं और भाभी श्रीमती शोभा सिकरवार ग्वालियर की महापौर हैं।
कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो 400 पार का नारा लगा रही है वह कभी पूरा नहीं होगा। नीटू सिकरवार ने पूर्व प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत के तंज भरे बयान पर कहा है कि वह मेरे पिता समान है। मैं उनको हमेशा चाचा जी कहता हूं और मैं उनसे जाकर मुलाकात करूंगा।