340 लीटर कच्ची शराब सहित तस्कर पकड़ा, एक पुरुष और दो महिलाएं भागे

Apr 05 2024

ग्वालियर। कंजरों के डेरे पर पुलिस ने छापामार कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में कच्ची शराब जब्त की है। वहीं करीब सात लाख रुपए कीमत का दस हजार पांच सौ लीटर गुड़ लहान भी मौके पर ही फैलाकर नष्ट किया है। करहैया थाना पुलिस ने चमेली का चक कंजरों का डेरा पर छापामार कार्रवाई की है। 
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चमेली का चक कंजरों का डेरा में कुछ लोग कच्ची शराब का निर्माण कर रहे हैं और बेचने के लिए मोटरसाइकिल से ले जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को पकड़ लिया। वहीं एक पुरुष और दो महिलाएं खेतों में कूदकर भागने में सफल हो गए। पकड़े तस्कर का नाम भरत आदिवासी पुत्र टुण्डा आदिवासी बताया गया है। 
पुलिस ने मोटरसाइकिल पर बंधी 3 कैनों को खोल कर देखा तो उनमें भरी कच्ची हाथ भट्टी शराब पुलिस के हाथ लगी। वहीं तलाशी के दौरान एक ड्रम में भरी 200 लीटर कच्ची देशी शराब भी पुलिस टीम ने बरामद की। इसके अलावा पुलिस ने 12 ड्रमों एवं जमीन में गड्डों में दबा 10 हजार 500 लीटर गुड लहान भी बरामद कर मौके पर ही फैलाकर नष्ट किया, जिसकी कीमत करीब 7 लाख रुपए आंकी गई है।
पकड़े गए तस्कर ने बताया कि उसे दुबही गांव में रहने वाले पूर्व सरपंच कल्लू परिहार ने 300 रुपए दिए थे और कहा था कि कच्ची शराब की 3 कैन को मोटरसाइकल से रिठोंदन की पुलिया तक पहुंचाना है। वहां कंजरों की महिलाएं मिलेंगीं, तीनों महिलाओं को एक-एक केन दे देना है। पकड़े गए तस्कर ने बताया कि पूर्व सरपंच ने उसे आश्वासन दिया था कि उसे कोई नहीं पकड़ेगा। पुलिस ने 3 केनों एवं ड्रम में भरी कुल 340 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब जत की है, जिसकी कीमत 50 हजार रुपए आंकी गई है।