महाराजबाड़ा पर लोकल ऑडिट फंड ऑफिस में लगी आग, दस्तावेज जले

Apr 03 2024

ग्वालियर। महाराजबाड़ा पर स्थित लोकल ऑडिट फंड ऑफिस में बुधवार को आग लग जाने से हडक़ंप मच गया। घटना सूचना पाकर पहुंचा दमकल अमला फिलहाल आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटा हुआ है। महाराजबाड़ा स्थित दत्त मंदिर के सामने बनी लायब्रेरी के ऊपर लोकल ऑडिट फंड का कार्यालय है। जिसमें बुधवार सुबह 11 बजे के लगभग आग की लपटें उठती देख आसपास के दुकानदार दहशत में आ गए।  दुकानदारों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को इसकी जानकारी दी। सूचना पाते ही दमकल अमला मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में जुट गया। 
बताया गया है कि चार गाड़ी पानी फायर कर आग पर काबू पा लिया गया है। लायब्रेरी के प्रबंधक विवेक सोनी ने बताया कि लोकल फंड महालेखाकार कार्यालय के कई दशकों पुराने रिकार्ड रूम में आग भडक़ गई। अचानक भडक़ी आग ने पूरा रिकार्ड जलाकर खाक कर दिया। यह इमारत भी समूह बीमा योजना की बतायी गयी है। उक्त घटना में कार्यालय में रखे कुछ दस्तावेज जलकर खाक हो गए हैं। इन दस्तावेजों में क्या था, इसकी जांच की जा रही है।