महिला से मुंबई पुलिस के नाम पर 51 लाख रुपए ठगने वाला आरोपी भिलाई से पकड़ा

Apr 03 2024

ग्वालियर। महिला को मुंबई पुलिस के नाम से धमकाकर और उसके खिलाफ 24 एफआईआर होने का भय दिखाकर 51 लाख रुपए की ठगी करने वाले को पुलिस ने भिलाई से पकड़ा है। आरोपी के पास से पुलिस ने कई लोगों के नाम से आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, मोबाइल फोन, लैपटॉप और आईपैड समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि पीडि़ता आशा भटनागर ने उनसे कहा कि उसके पास किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया और बोला कि आपके डॉक्यूमेन्ट पर एक सिम इश्यू हुई है, जिसमें आपका आधार कार्ड लगा हुआ है। इस सिम से कई बच्चियों को अश्लील मैसेज भेजे गए हैं। फोन करने वाले ने यह भी कहा कि इस मामले में उसके खिलाफ 24 एफआईआर मुंबई पुलिस ने दर्ज की हैं। यदि उसने ऐसा कोई अपराध नहीं किया है तो ऑनलाइन एफआईआर दर्ज करा दें।
पीडि़ता के मुताबिक फोन करने वाले ने एक एप डाउनलोड कराया और मजिस्ट्रेट के समक्ष ऑनलाइन लीगल स्टेटमेंट दिए जाने की कहकर मनी लान्ड्रिंग के केस की भी बात कही गई। इसके बाद उसने सभी खातों की जानकारी ली और आश्वासन दिया कि यदि खातों की रकम सही पाई गई तो 24 घंटे के अंदर उसके अकाउंट में पैसे रिफंड कर दिए जाएंगे। यही नहीं ठगों ने उसे उसके दामाद को भी पकडऩे की धमकी दी और दोनों अकाउंट की एफडी तोडक़र उनके 51 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए।
पुलिस जांच पड़ताल में पता चला है कि जिन खातों में रुपए ट्रांसफर किए थे, वह खाते जम्मू कश्मीर व गुजरात के थे। इन दोनों खातों से रुपए अलग कई खातों में स्थानांतरित हुए तथा उन खातों से कुछ राशि संयुक्त अरब अमीरात के एक खाते में स्थानांतरित हुई।
जांच में यह भी सामने आया कि यूएई के जिस बैंक खाते में पैसे स्थानांतरित हुए थे, वह व्यक्ति भारतीय है और भिलाई का रहने वाला है। इसीव्यक्ति ने यूएई में कंपनी खोली है।
तथ्य हाथ लगते ही सायबर क्राइम की एक टीम तुरंत भिलाई पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि वह एमसीए किया हुआ है व मास्टर्स इन आईटी भी है। उसी के द्वारा सायबर ठगी का रुपया स्थानांतरित किया जाता था। 
वह उसके यहां काम करने वाले लोगों के खाते खुलवाकर उन खातों को खुद ही संचालित करता था एवं उन खातों में सायबर ठगी की राशि लेकर आगे यूएई के खाते में स्थानांतरित करता था। पुलिस ने आरोपी के पास से कई लोगों के आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, मोबाइल फोन, लैपटॉप, आईपैड व अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।