आज कौशल विकास सबसे बड़ी जरूरत:प्रदीप श्रीवास्तव

Apr 02 2024

ग्वालियर। यदि हमें एशिया की फैक्ट्री बनना है तो अपनी सबसे बड़ी ताकत 65प्रतिशत युवा आबादी को कौशल विकास से जोडक़र आज की प्रौद्योगिकी में स्किल्ड करना होगा। जिस तरीके से देश और दुनिया में मशीनी करण और डिजिटलाइजेशन हुआ है और निरंतर हो रहा है, ऐसे में आज हर युवा का स्किल्ड होना अनिवार्य आवश्यकता बन गया है। यह बात नगर निगम ग्वालियर में डिप्टी कमिश्नर प्रदीप श्रीवास्तव ने प्रतीक मोबाइल इंस्टीट्यूट के 29वें स्थापना दिवस के अवसर पर बोलते हुए कही। उन्होंने युवाओं को मतदान का महत्व बतलाते हुए उनसे निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की। 
मध्यप्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स के मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल ने कहा कि प्रतीक मोबाइल कौशल विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा हैं। आज शहर में कंप्यूटर और आईटी से जुड़ा कोई भी काम हो प्रतीक मोबाइल की टीम उसका सफल क्रियान्वयन करने में सक्षम है। सीए नितिन पहारिया ने बताया कि आज अकाउंट के क्षेत्र में बड़ी संख्या में युवाओं की आवश्यकता है ऐसे में प्रतीक मोबाइल द्वारा टैली और जीएसटी में ट्रेनिंग देकर युवा रोजगार प्राप्त कर रहे है। आर्ट ऑफ लिविंग की स्टेट हेड और मोटिवेशनल स्पीकर डॉक्टर संगीता झा ने युवाओं को तनाव मुक्त रहने की कला सिखाई।
इस अवसर पर प्रतीक इंस्टीट्यूट से प्रशिक्षण लेकर अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवाओं का सम्मान किया गया। प्रतीक मोबाइल के संस्थापक मनोज चौरसिया ने बताया कि संस्था द्वारा अब तक 15000 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। इनके द्वारा अन्य 50000 से अधिक युवाओं को भी रोजगार प्राप्त हुआ है। यह एक ऐसी लाइन है जो निरंतर बढ़ती ही जा रही है। उन्होंने कहा कि आज हर युवा का स्किल्ड होना अनिवार्य आवश्यकता बन गया है।