पार्षद देवेन्द्र राठौर ने सीवर चेम्बर में उतरकर साफ-सफाई की

Apr 02 2024

ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 15 के महेन्द्र नगर में कई दिनों से सीवर चेम्बर ओवर फ्लो हो रहे थे। इस कारण यहां पर घरों में भी पानी भर रहा था। इसके चलते वार्ड 15 के पार्षद देवेन्द्र राठौड़ ने सीवर में उतर सफाई करी।
संख्या बल के खेल में उलझी नगर निगम में अब चेम्बर पॉलिटिक्स का पार्ट-2 शुरु हो गया है। सियासी खींचतान के भंवर में फंसी नगर सरकार में अब उपनगर ग्वालियर के एक पार्षद ने चेंबर में उतरकर निगमायुक्त और महपौर पर निशाना साधा है। हालांकि इस घटनाक्रम के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं लेकिन कहीं न कहीं यह वाक्या जमीनी हकीकत को भी बयां करता है। 
वार्ड क्रमांक 15 के महेन्द्र नगर में कई दिनों से सीवर चेम्बर ओवर फ्लो हो रहे थे। इस कारण यहां पर घरों में भी पानी भर रहा था। इस मामले में क्षेत्रीय पार्षद देवेन्द्र राठौर का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कई बार नगर निगम अधिकारियों से बातचीत की और सीवर साफ करने के लिए कहा लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। 
इसके बाद मंगलवार की सुबह वह खुद सीवर में उतर गए और साफ-सफाई करना शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने नगर निगम प्रशासन सहित महापौर पर भी जनता की परेशानियों की अनदेखी किए जाने के आरोप लगाए हैं। 
इस बीच मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया जो खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में पार्षद खुद सीवर की सफाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं।