क्वारी नदी पर बना अंग्रेजों के जमाने का पुल गिरा, कई मजदूर घायल दो की हालत गंभीर

Apr 02 2024

मुरैना। मुरैना से बड़ी खबर सामने आई है। यहां सिकरौदा गांव के पास क्वारी नदी पर बना अंग्रेजों के जमाने का रेलवे पुल भरभरा कर गिर गया। जिसमें एक हिस्सा मजदूरों के साथ 50 फीट नीचे आ गिरा। हादसे में आधा दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जोरा चिकित्सालय में प्राथमिक चिकित्सा केंद्र लाया गया, जहां से 2 की हालात नाजुक होने पर मुरैना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। 
मुरैना के जोरा तहसील के क्षेत्र अंतर्गत सिकरौदा में क्वारी नदी पर निर्मित अंग्रेजों के जमाने के बने नैरोगेज रेलवे ब्रिज को तोडऩे का काम किया जा रहा था। नैरोगेज ट्रेन का पुल मंगलवार सुबह गिर गया, जिससे पुल को तोडऩे का काम कर रहे आधा दर्जन से अधिक मजदूर नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
 घायलों को इलाज के लिए तुरंत जौरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। दरअसल, इस हादसे में सात मजदूर घायलों हो गए हैं, जिसमें से 2 की हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने मुरैना रेफर कर दिया है। इधर, हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंचकर जांच में जुट गई है।
बता दें कि ग्वालियर से श्योपुर नैरोगेज ट्रेन के लिए रियासत कालीन समय में सिंधिया परिवार द्वारा ये क्वारी नदी पर पुल बनाया गया था। लेकिन वर्तमान समय में नेरोगेज से ब्रॉडगेज रेलवे लाइन का उन्नयन होने से ये पुल अनुपयोगी हो गया था। वहीं रेल विभाग द्वारा इस पुल को तोडऩे का काम किया जा रहा था।