भाई-बहन की अर्थी उठी तो गांव में नहीं जले चूल्हे

Apr 01 2024

ग्वालियर। मां, नानी को छोडक़र 10 मिनट में वापस आता हूं। साथ में अंजलि भी जा रही है, वो मौसी से मिल लेगी। ये कहकर बेटा घर से निकला। इसके बाद मां, बेटा और बेटी की राह देखती रह गई। गांव के एक लडक़े ने उनकी मौत की खबर दी। घटना ग्वालियर की है।
नाती-नातिन और नानी की मौत की खबर से बिजौली स्थित चक केशवपुर गांव में मातम पसर गया। हर तरफ खामोशी छा गई थी। असल में 19 वर्षीय शुभम कुशवाह अपनी बड़ी बहन अंजलि (22), नानी द्रोपती (60) को लेकर हुरावली मौसी के घर जा रहा था। एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उन्हें रौंद दिया।
पुलिस की निगरानी में गत देर रात चक केशवपुर गांव से भाई-बहन की अर्थियां एक साथ उठीं। किसी ने सोचा भी नहीं था कि सुबह जिनको घर में हंसते-खेलते देखा था वो रात आते-आते हमेशा के लिए खामोश हो जाएंगे। उनकी अंतिम यात्रा में पूरा गांव उमड़ पड़ा था। माहौल इतना गमगीन हो गया था। गांव में शाम को चूल्हा तक नहीं जला है। हर कोई सिर्फ हादसे के बारे में ही बात कर रहा था।
घटना की सूचना जब शुभम, अंजलि की मां गिरिजा कुशवाह को मिली तो वह बेसुध हो गईं। तत्काल मामले की सूचना शुभम के ताऊ हरेन्द्र कुशवाह को दी। वे घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर थे। वह सीधे स्पॉट पर पहुंचे, लेकिन तब तक सबकुछ खत्म हो चुका था। जब हरेन्द्र ने सुना कि अंजलि और उसकी नानी मौके पर ही खत्म हो गई हैं, शुभम को हॉस्पिटल भेजा गया है। इस पर वह अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया।
हरेन्द्र कुशवाह ने बताया कि उनके छोटे भाई बृजेश कुशवाह किसान हैं। खेती ही उनके परिवार की आजीविका का पूरा साधन है। बृजेश और उसकी पत्नी गिरजा के 3 बच्चे थे। सबसे बड़ी बेटी अंजलि, बेटा शुभम और उसका छोटा भाई आदित्य। शुभम ने इसी साल बीएससी में एडमिशन लिया था, जबकि अंजलि बीएसससी फाइनल की छात्रा थी।
बतादें कि ग्वालियर के बिजौली स्थित चक केशवपुर निवासी शुभम कुशवाह गत रोज अपनी नानी द्रोपती को मौसी के घर हुरावली छोडऩे जा रहा था। इसी समय उसकी बहन अंजलि भी चलने के लिए जिद करने लगी। बाइक पर शुभम, बहन अंजलि और नानी द्रोपती को लेकर निकला था। बड़ागांव से उसने हाईवे का रूट पकड़ा। शुभम ने सोचा था कि टोल के आगे हरखेड़ा के मोड़ से वह हाईवे से सिटी में अंदर चला जाएगा। मोहनपुर पुल से कुछ मीटर की दूरी पर पीछे से आया तेज रफ्तार ट्रक उनको रौंदता हुआ निकल गया।
पुलिस ने ट्रक के भागने की दिशा में सर्चिंग की। पुलिस मेहरा गांव के टोल पर पहुंची तो वहां सीसीटीवी कैमरे में ट्रक दिखा। पुलिस ने फुटेज ले लिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द चालक व ट्रक पुलिस की कस्टडी में होगा।