साहू गैस रिपेयरिंग से 19 घरेलू गैस एक व्यावसायिक सिलेंडर दो गैस रिफिलिंग मशीन सहित नोजल जब्त

Mar 30 2024

डबरा। ग्वालियर जिले के डबरा में अवैध रूप से गाडिय़ों में घरेलू गैस रिफिलिंग का गोरख धंधा लगातार जारी है। कई बार घटनाएं होने के बाद भी दुकानदार 100-50 रुपए कमाने के चक्कर में इस कारोबार को अंजाम दे रहे है। मामले में लोकसभा चुनाव के दौरान बनाई गई एफएसटी टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने इस अवैध कारोबार को रोकने के लिए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। 
प्रशासनिक टीम ने डबरा में स्थित अंबेडकर कॉलोनी में साहू गैस रिपेयरिंग और किराना स्टोर की दुकान पर कार्रवाई करते हुए यहां एक कार क्रमांक एमपी07 सीसी 2966 को जब्त कर 19 घरेलू गैस सिलेंडर एक व्यावसायिक सिलेंडर दो गैस रिफिलिंग मशीन सहित नोजल जब्त करने की कार्रवाई की है। इस दौरान दुकान संचालक संतोष साहू ने भी प्रशासन के आगे अपनी गलती को स्वीकार किया।  
वहीं टीम द्वारा कार्रवाई की सूचना लगते ही दूसरा दुकानदार वीर सिंह गैस रिपेयरिंग सेंटर दुकान को बंद कर भाग निकला। मौके पर पहुंचे प्रशासन ने दुकानदार के भागने के बाद दुकान को सील करने की कार्रवाई की है। 
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार विनीत गोयल, खाद्य अधिकारी संदीप पांडे सहित अन्य प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।