घर में सिलेंडर फटने से तीन मासूम सहित पांच झुलसे,महिला की हालत गंभीर
Mar 30 2024
ग्वालियर। शनिवार दोपहर एक घर में उस समय कोहराम मच गया जब अचानक आग लगी और गैस सिलेंडर फट गया। घटना के समय महिला चूल्हा पर खाना और चाट का सामान बना रही थी। पास ही पति बैठकर खाना खा रहा था और तीन बच्चे खेल रहे थे। आग लगते ही भगदड़ मच गई, लेकिन वो घर से बाहर निकल पाते तभी सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया।
लोगों का कहना है कि घर के आंगन के ऊपर से हाईटेंशन लाइन से चिंगारी गिरने के बाद आग लगी थी और ब्लास्ट हो गया। हादसे में तीन बच्चों सहित पांच लोग झुलसे हैं। एक महिला 90 प्रतिशत जली है, जबकि सभी 60 से 70 फीसदी झुलसे हैं। सभी घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। चार की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद बच्चे झुलसकर जमीन पर पड़े रहे। हादसे के 20 मिनट बाद एम्बुलेंस पहुंची। तब तक बच्चे झुलसने के कारण तड़पते रहे।
विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित सिंधिया नगर निवासी 40 वर्षीय अवधेश पुत्र विक्रम प्रजापति अपने परिवार के साथ यहां रहता है। साथ में उसकी पत्नी 38 वर्षीय गुड्डी देवी, बच्ची रेशमा (16), कुसुम (7) व यश (5) भी रहते हैं। अवधेश सिटी सेंटर में चाट का ठेला लगाता है। शनिवार दोपहर 1 बजे के लगभग वह घर पर खाना खा रहा था। पास ही पत्नी उसके लिए रोटी और पानी की टिक्की तल रही थी। इसी समय अचानक गैस का पाइप लीकेज होने और ऊपर से हाईटेंशन लाइन से चिंगारी गिरने पर आग लग गई। आग लगते ही वहां भगदड़ मच गई।
गुड्डी ने बच्चे को गोद में उठाया तो अवधेश ने बिटिया को संभाला। अभी वह संभल पाते तभी अचानक सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इसके बाद सभी आग की चपेट में आने से झुलस गए। ब्लास्ट की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग वहां पहुंचे और पानी डालकर आग पर काबू पाया। साथ ही पुलिस और दमकल दस्ते को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीएसपी हिना खान मौके पर पहुंच गई। स्थिति को संभाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया है।
घटना के बाद आग में झुलसे बच्चों को वहीं जमीन पर लेटा दिया। महिला आंगन में बेहोश पड़ी थी। पिता भी बेहोश पड़े थे। मासूम बच्चे जलन से तड़प रहे थे। 7 साल की कुसुम चिल्ला रही थी पापा, मुझे बचा लो पापा। मासूम को क्या पता था पापा भी उससे कुछ दूरी पर झुलसा पड़ा था। करीब 20 मिनट का समय एम्बुलेंस को आने लग गया।
घायल अवधेश प्रजापति का कच्चा घर है। ऊपर से हाईटेंशन लाइन निकली है। पड़ोसियों का कहना है कि जब अवधेश की पत्नी गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी तभी सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ था। कुछ लोगों ने उसी समय उनके घर पर हाईटेंशन लाइन से चिंगारी गिरते देखी थी। दमकल दस्ता जांच कर रहा है कि आग लगने का कारण क्या था।
अवधेश प्रजापति के छह बच्चे हैं। किस्मत से तीन बच्चे मिहोना भिंड में अपने दादा-दादी के पास है। यदि वो भी यहां होते तो गंभीर रूप से झुलस सकते थे। आगजनी की घटना का पता चलते ही भिंड से घायलों के परिजन आ गए हैं।
इस मामले में गजराराजा मेडिकल कॉलेज के डीन अक्षय कुमार निगम ने बताया है कि आग से झुलसकर आए पांच लोगों में एक महिला की हालत बेहद नाजुक है। वह 95 फीसदी से ज्यादा झुलसी है। अन्य लोग 60 प्रतिशत के आसपास झुलसे हैं। इनका प्रॉपर इलाज चल रहा है।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









