तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार पलटने से एक की मौत, छह घायल

Mar 27 2024

ग्वालियर। ग्वालियर झांसी बायपास पर एक कार बेकाबू होकर पलट गई है। कार हाइवे पर पहले डिवाइडर से टकराई और तीन गुलांट खा गई। हादसे में एक 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई है, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं। घाायल और मृतक भिंड के रहने वाले हैं। बागेश्वर धाम पर होली मनाकर वापस अपने घर लौट रहे थे।
हादसा महाराजपुरा थानाक्षेत्र में बुधवार सुबह हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया है। डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया है। घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घर पर परिजन उनका इंतजार कर रहे थे और पहुंची मौत की खबर।
भिण्ड निवासी तीन परिवार बागेश्वर धाम पर होली मनाने के लिए गए थे। मंगलवार देर रात वह कार से तीनों परिवार वापस आने निकले थे। बुधवार सुबह अभी वह महाराजपुरा थाना क्षेत्र स्थित झांसी वायपास पर बालाजी ढाबा के पास पहुंचे ही थे कि तभी अचानक कार अनियंत्रित हो गई। कार पहले डिवाइडर से टकराई, चालक ने कार को नियंत्रण करने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका और कार सडक़ किनारे गड्ढ़े में जाकर पलट गई।
कार के पलटते ही उसमें सवार यात्रि फंस कर रह गए। क्योंकि कार के पहिए ऊपर थे और छत नीचे थी, जिससे उसमें सवार यात्रि भी उल्टे हो गए थे और पैर फंसने के कारण निकलने में असमर्थ थे। उनकी चींख सुनकर वहां से गुजर रहे वाहन चालक रूके और बचाव में जुट गए, लेकिन कार उल्टी होने के कारण घायलों को निकालने में असमर्थ रहे तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पहुंची और बचाव में जुट गए। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में कार सवार अशोक श्रीवास, दिनेश सिंह तोमर, मीना तोमर, रीना शर्मा, किशन स्वरूप शर्मा, प्रवीण शर्मा, ऋषिकेश शर्मा, जय प्रकाश श्रीवास तथा दो अन्य घायल हुए। वहीं कार में सवार हर्षित 14 साल की मौत हो गई। पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए भिजवाकर मृतक का शव पीएम हाउस पहुंचा दिया है।
घटना स्थल पर बचाव के लिए आए वाहन चालकों ने एसआई रश्मि सिंह, आरक्षक हरे मुरारी, सत्येन्द्र सिंह, देवेन्द्र गुर्जर और पायलट शिवदत्त उपाध्याय की सरहाना की, क्योंकि जिस तरह यात्रि कार में फंसे हुए थे। उन्हें निकालना मुश्किल था। लेकिन उन्होंने लोगों की मदद से कार को उठाकर एक साइड खड़ा किया और उसके बाद ही यात्रियों को निकाला जा सका। अगर ज्यादा देर होती तो कार में उलटे फंसे लोगों की हालत बिगड़ सकती थी।