186 लीटर अवैध शराब सहित तीन तस्कर पकड़े

Mar 26 2024

ग्वालियर। अवैध शराब की तस्करी करने आए तीन तस्करों को पुलिस ने पकड़ा है। पकड़े गए तस्करों के कब्जे से पुलिस ने बोलेरो गाड़ी में रखी 186 लीटर अवैध शराब जब्त की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक बोलेरो गाड़ी क्रमांक एमपी32 सी1425 में तीन लोग अवैध शराब लेकर आंतरी और आसपास के गांवों में सप्लाई करने वाले हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम आंतरी पहुंची और घेराबंदी कर बोलेरो को रोककर उसमें बैठे तीनों लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के हाथ लगे तीनों तस्करों के नाम आसू खान पुत्र अतर खान निवासी मोहना, अजय बघेल पुत्र रामदास बघेल निवासी पिछोर तिराहा डबरा और सुलमान उर्फ बंटी रावत पुत्र जसवंत सिंह रावत निवासी भितरवार बताए गए हैं।
पुलिस ने बोलेरो की तलाशी ली तो 15 पेटी प्लेन शराब की रखी मिलीं, वहीं बीच वाली सीट पर 4 पेटी लाल मसाला शराब तथा 2 पेटी लेक फोर्ड बीयर की मिलीं। टीम को कुल 186 लीटर 600 मिली लीटर शराब गाड़ी में रखी मिली है। फिलहाल पुलिस ने मामला कायम कर शराब को जब्त कर लिया है।