आत्महत्या करने प्रेमी जोड़ा जंगल गया, प्रेमिका की मौत के बाद वापस घर लौट गया प्रेमी

Mar 26 2024

डबरा। आज कल के जमाने में प्रेमी और प्रेमिका अपना प्यार मुकम्मल न होता देख या तो एक दूसरे से जुदा हो जाते हैं या फिर मौत को गले लगाकर हमेशा-हमेशा के लिए एक दूसरे के हो जाते हैं। डबरा में एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है जहां एक प्रेमी जोड़ा आमहत्या करने के लिए जंगल गए। लेकिन प्रेमिका के सुसाइड करने के बाद प्रेमी अपने घर लौट आया। पूरा मामला डबरा के भितरवार थाना क्षेत्र से सामने आया है।  
एक शख्स ने डबरा थाने में उसकी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में जांच के दौरान पुलिस ने उसके प्रेमी रानू रावत को गिरफ्तार कर पूछताछ की जिसमें उसने घटना का खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि उसका और मृतक महिला आशा रावत के बीच प्रेम प्रसंग था। दोनों ने तय किया कि जंगल में जाकर आत्महत्या कर लेंगे। इसके बाद तय हुआ कि पहले महिला फांसी लगाएगी उसके बाद युवक। महिला ने फांसी के फंदे पर लटककर खुदकुशी कर ली लेकिन प्रेमी घर वापिस आ गया। 
प्रेमी के बताये स्थान पर पुलिस ने लखेश्वरी माता मंदिर के जंगल में पेड़ से लटका शव बरामद कर लिया है। भितरवार पुलिस शव को बरामद कर मामले के आरोपी से पूछताछ में जुटी है। मृतिका दतिया जिला की निवासी थी। मृतिका का शव मिलने के बाद उसके परिजनों ने भितरवार थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया और जमकर हंगामा किया। 
भीड़ बढ़ती देख कर पुलिस ने बल प्रयोग कर जाम खुलवाया। फि़लहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि क्या यह सच में आत्महत्या का मामला है या फिर इसके पीछे की हत्या है। पुलिस की जांच के बाद ही इस मामले का खुलासा हो पाएगा।