होरी खेले रघुवीरा गाने पर पुलिस के आला अधिकारियों सहित महिला पुलिस अधिकारी व जवान थिरके

Mar 26 2024

ग्वालियर। देश भर में सोमवार को होली की धूम देखने को मिली। बच्चों से लेकर बड़े तक होली के रंग में रंगे हुए नजर आए। इस बीच होली के दिन शहर की कानून व्यवस्था में जुटी ग्वालियर पुलिस ने मंगलवार 26 मार्च को जमकर होली खेली। 
होली पर 24 घंटे की ड्यूटी करने के बाद मंगलवार को डीआरपी पुलिस लाइन में अफसरों ने जमकर होली खेली है। पुलिस अफसर होली के रंगों में सराबोर दिखे। ग्वालियर सहित पूरे मध्य प्रदेश में पुलिस वालों ने होली के दूसरे दिन मंगलवार को होली मनाई है। डीआरपी पुलिस लाइन में होली खेलते पुलिस अफसर व जवानों का हुड़दंग देखने लायक था। होरी खेले रघुवीरा अवध में होरी खेले रघुवीरा गाने पर एएसपी, सीएसपी, डीएसपी सहित महिला पुलिस अफसर जमकर थिरकीं हैं। हर कोई होली के रंग और उत्साह में रंगा नजर आ रहा था।
एसपी धर्मवीर सिंह ने कविता सुनाकर होली समारोह की शुरुआत की। इसके बाद अधिकारियों ने एक दूसरे को रंग और गुलाल लगाए तो वहां पूरा माहौल होली के रंग में रंग गया। होली के स्पेशल सॉन्ग पर पुरुष और महिला पुलिससकर्मी नाचते और झूमते नजर आए हैं। पुलिसकर्मियों ने जमकर धमाल मचाया है। इस दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने खूब रंग गुलाल उड़ाया है। महिला पुलिस अधिकारी व पुलिसकर्मी भी रंग-गुलाल के साथ होली मनाते हुए नजर आई हैं।
सोमवार (25 मार्च) को होली के त्योहार पर पुलिस ने 24 घंटे शहर की सडक़ों पर राउंड द क्लॉक ड्यूटी की थी। पुलिस का उद्देश्य किसी भी तरह की घटनाओं को रोकना और आमजन को सुख चैन से होली उत्सव मनाने के लिए तैनात किया गया था। 
पुलिस अफसर व जवान होली के अगले दिन पड़वा या दौज पर डीआरपी पुलिस लाइन में होली मनाते हैं। इसी के चलते मंगलवार को डीआरपी पुलिस लाइन में होली का उत्सव मनाया गया है। पुलिस के आला अधिकारियों ने होली मिलन समारोह में शामिल हो कर जमकर होली खेली। 
जो पुलिस अधिकारी शहर की सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए जाने-पहचाने जाते हैं। मंगलवार को वह पुलिस लाइन में इस तरह होली खेलते नजर आए जैसे गलियों की मस्तानो की टोली हो। इस मौके पर पुलिस अफसरों व जवानों ने अपने गीत गाने, कविता पाठ करने व नाचने का हुनर दिखाया।
अफसरों और जवानों के लिए थी अलग-अलग व्यवस्था
पुलिस लाइन में होली के हुड़दंग को लेकर आरआई लाइन ने सभी इंतजाम काफी अच्छे किए थे। पुलिस अफसरों और जवानों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई थी। पड़ाल में आईजी, डीआईजी, एसपी, एडिशनल एसपी, सीएसपी, डीएसपी व थाना प्रभारियों के लिए होली खेलने के इंतजाम थे, जबकि उसके बाद जवानों के लिए।
फायर ब्रिगेड से की गई पानी की बौछार, जमकर नाचे जवान
होली मनाने पहुंचे जवान होली सॉन्ग रंग बरसे, होरी खेले रघुवीरा अवध में होरी खेले रघुवीरा, होली आई रे होली आई आदि गानों पर जमकर थिरकते नजर आए हैं। इनके ऊपर फायर ब्रिगेड की वॉटर केनन से पानी की बौछार की गई है। जिसके बाद माहौल और भी होली व रंग का हो गया था।
होली के दिन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी अलग-अलग जगह पर लगाई जाती है। जिससे शांतिपूर्ण तरीके से होली का पर्व मनाया जाए। आम जनता के शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाने के बाद पुलिसकर्मी सालों से इसी तरीके से होली के दूसरे दिन होली मनाते आ रहे हैं। डीआरपी पुलिस लाइन में पुलिसकर्मी अपना तनाव भुलाकर होली के पर्व में डूबे नजर आए और जमकर नाचते दिखाई दिए एक दूसरे को बधाई भी दी।
पुलिस के आला अधिकारियों ने होली मिलन समारोह में शामिल हो कर जमकर होली खेली। आम लोग सुरक्षित रहकर होली का त्यौहार धूम-धाम से मना सकें इसलिए पुलिसकर्मी हर साल होली के दूसरे दिन रंगों का त्यौहार मनाते हैं।