तेज रफ्तार डंपर ने अनियंत्रित होकर मकान में टक्कर मारी, एक की मौत दो गंभीर घायल

Mar 21 2024

ग्वालियर। तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित हो गया और एक मकान में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि चालक सहित डंपर में सवार तीन युवक बुरी तरह फंस गए। घटना झांसी रोड थाना क्षेत्र के आईटीएम कॉलेज के पास सौरभ ढाबा पर गत देर रात 1 बजे की है। घटना का पता चलते ही झांसी रोड मोबाइल मौके पर पहुंची और बचाव में जुट गई। लेकिन एक्सीडेंट काफी जटिल था तो अन्य अफसर मौके पर पहुंचे और क्रेन, जेसीबी व गैस कटर की मदद से तीन घंटे की मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे में क्षतिग्रस्त हुए मकान में करीब पांच लाख के लगभग का नुकसान हुआ है।
घाटीगांव थाना क्षेत्र के इमलिया निवासी रामबरन पुत्र बंटी पाल ड्राइवर है और डंपर चलाता है। बीती रात वह डंपर लेकर बिलौआ गिट्टी भरने जा रहा था। अभी वह आईटीएम कॉलेज के पास स्थित सौरभ ढाबा पर पहुंचा ही था कि तभी अचानक डंपर अनियंत्रित हो गया और डंपर एक मकान में जा घुसा।
छात्र पंकज कुमार ने बताया कि रात करीब पौने एक बजे के लगभग वह अपने बिस्तर पर सो रहा था कि तभी तेज आवाज के साथ जबरदस्त कंपन हुआ और वह तथा उसके साथी घबरा गए और कमरे से बाहर भागे। बाहर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए क्योंकि एक डंपर ने बिल्डिंग में टक्कर मारी थी, जिससे पूरी बिल्डिंग हिल गई। बिल्डिंग मालिक सरनाम सिंह ने बताया कि एक्सीडेंट से करीब पांच लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उनके साथ ही अन्य लोग भी घबराकर बाहर आ गए। डंपर में देखा तो चालक सहित तीन लोग फंसे हुए थे।
घटना की सूचना पुलिस को दी तो पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव में जुट गई, लेकिन घायल बुरी तरह से फंसे हुए थे तो उन्होंने अफसरों को सूचना दी। सूचना मिलते ही एफआरवी 15 के साथ ही टीआई हरेन्द्र शर्मा, सीएसपी हिना खान व विश्वविद्यालय थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे और बचाव में जुट गए।
मौके पर पहुंचे अफसरों ने घायलों को निकलवाने के लिए जेसीबी, क्रेन और गैस कटर के साथ ही ट्रैक्टर बुलवाया और तीन घंटे की मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला जा सका। इस दौरान बचाव में लगे एसआई अवधेश सिंह सहित कुछ पुलिसकर्मियों की वर्दी तक खून में सन गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पतल पहुंचाया, जहां पर रामबरन की मौत हो गई और दो अन्य घायलों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है।
 मृतक रामबरन बघेल के भाई संगम सिंह बघेल का कहना है कि हमें सूचना मिली थी कि स्टेरिंग फेल होने के चलते डंपर का एक्सीडेंट हो गया है, डंपर में मेरे भाई पीछे की सीट पर आराम कर रहे थे और बड़ा भाई दिनेश डंपर चला रहा था, डंपर में दोनों के अलावा एक और अन्य युवक भी बैठा था जो दूसरे डंपर पर नौकरी करता है। एक्सीडेंट के दौरान दिनेश को मामूली चोट आई है वही अन्य युवक का पैर फैक्चर हो गया है।