पड़ोसियों को पेट्रोल चोरी करते पकडऩे पर ठेकेदार को पीटा, चार गाडिय़ां तोड़ीं

Mar 19 2024

 

ग्वालियर। एक ठेकेदार के साथ पड़ोसियों द्वारा लात-घुसे और डंडों से मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि लाठी डंडों से लैस आधा दर्जन से ज्यादा हमलावर एक युवक के साथ डंडों से मारपीट रहे हैं। इतना ही नहीं हमलावरों ने एक कार और तीन ऑटो के कांच भी तोड़ दिए। असल में हमलावरों को ठेकेदार ने उनकी गाडिय़ों से पेट्रोल चोरी करते हुए पकड़ लिया था।
जिस पर उन्होंने यह हमला कर दिया। मारपीट के बाद जब भीड़ एकत्रित होने लगी तो हमलावर, ठेकदार को घायल पड़ा छोडक़र भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की शिकायत पर मारपीट करने वाले बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी बदमाश अपने घर से फरार हो गए जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार उनके संबंधित ठिकानों पर दे रही है।
बता दें कि ग्वालियर थाना क्षेत्र स्थित सागर ताल रोड के पास रहने वाले 25 वर्षीय सुरेंद्र यादव पेशे से ठेकेदार हैं। पड़ोस में रहने वाले समीर व वसीम उनकी गाडिय़ों से पेट्रोल चोरी कर रहे थे। इसी बात को लेकर पड़ोस में रहने वाले युवकों से विवाद हो गया था। विवाद बड़ा तो पड़ोसी समीर, वसीम, अरशद और अमीर खान ने युवक सुरेंद्र यादव पर लात-घुसे और डंडों से हमला कर बेरहमी से मारपीट कर दी। सुरेंद्र यादव के साथ पड़ोसी युवक द्वारा मारपीट करने कि यह पूरी घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। 
सुरेंद्र की मारपीट करने के बाद सभी बदमाश युवक वहां से भाग खड़े हुए, जिसकी सूचना घायल युवक ने तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर जा पहुंच गया जहां घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल पुलिस ने घायल की शिकायत पर मारपीट करने वाले बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ग्वालियर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर का कहना है कि आपसी विवाद के चलते कुछ पड़ोसी युवकों ने एक ठेकेदार की लाठी डंडों से मारपीट कर दी थी। युवक के साथ मारपीट करने का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घायल युवक की शिकायत पर मामला दर्ज कर दिया है, सभी बदमाशों की तलाश की जा रही है जल्द ही उन्हें हिरासत में ले लिया जाएगा।