बेंगलुरू में लूट की कोशिश कर फरार हथियारबंद बदमाश ग्वालियर रेलवे स्टेशन से पकड़े

Mar 17 2024

ग्वालियर। कर्नाटक में ज्वेलरी की दुकान पर लूट की वारदात करने का प्रयास करने वाले बदमाशों को ग्वालियर में पुलिस ने पकड़ा है। कर्नाटक एक्सप्रेस ट्रेन से आए बदमाश स्टेशन पर उतरते ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने लुटेरों के कब्जे से एक 32 बोर की देशी पिस्टल और दो 315 बोर के कट्टे भी बरमाद किए हैं।
दरअसल, ग्वालियर जोन के पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना, चंबल जोन के पुलिस महानिरीक्षक सुशांत सक्सेना को कर्नाटक पुलिस ने सूचना दी कि कर्नाटक राज्य के थाना कोडिगेहल्ली में ज्वेलरी की दुकान में लूट का प्रयास कर फरार हुए आरोपी कर्नाटक एक्सप्रेस ट्रेन से ग्वालियर आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत अलर्ट हुई और रेलवे स्टेशन पर कर्नाटक एक्सप्रेस की घेराबंदी करने तैनात हो गई। 
कर्नाटक एक्सप्रेस के रेलवे स्टेशन पर आते ही पुलिस ने तुरंत कर्नाटक पुलिस टीम को साथ में लिया और ट्रेन के पीछे के डिब्बे से दो बदमाशों कान्हा शर्मा निवासी दीक्षित वाली गली रामनगर मुरैना और राधारमण शर्मा निवासी गिदौली मुरैना को पकड़ लिया। 
पकड़े बदमाशों से जब उनके बाकी साथियों के संबंध में पूछताछ की तो बदमाशों ने बताया कि घटना में उनके साथी सूरज तोमर निवासी ग्राम बिररूआ का कट्टा गिर गया था। दुकान में मौजूद किसी व्यक्ति ने वही कट्टा उठाया और सूरज के गले में लगी है। इसके अलावा इस वारदात में विकास शर्मा निवासी घुरैया जिला मुरैना तथा बंटी शर्मा ने भी उनकी मदद की है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर उनके बाकी साथियों को भी स्लीपर कोच से पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
आपको बतादें कि बीती 14 मार्च को कर्नाटक राज्य के थाना कोडिगेहल्ली में लक्ष्मी ज्वैलर्स देवीनगरा में चार हथियारबंद बदमाशों ने लूट करने का प्रयास किया था। इस दौरान बदमाशों ने लक्ष्मी ज्वैलर्स में दो व्यक्तियों को गोली भी मार दी थी। लेकिन एक बदमाश का कट्टा गिर जाने से दुकान में मौजूद व्यक्ति ने वह कट्टा उठाया और बदमाश को उसी के कट्टे से गोली मार दी। गोली लगते ही बदमाश अपने घायल साथी को उठाकर वहां से फरार हो गए।