चेकिंग का डर दिखाकर 20 हजार की ठगी करने वाले दो पकड़े,कार व 40 हजार नगदी बरामद

Mar 17 2024

ग्वालियर। चेकिंग का झांसा देकर सवारी से 20 हजार रुपए की ठगी करने वाले पुलिस पकड़े हैं। पकड़े ठगों ने इसी तरह एक और सवारी से भी 1 लाख रुपए की ठगी करना भी स्वीकार किया है। ठगों से पुलिस ने कार व 40 हजार नगदी बरामद किए हंै।
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली कि लोगों को सवारी के नाम पर कार में बैठाकर ठगी करने वाले बदमाश सियाज गाड़ी में पुरानी छावनी इलाके में देखे हैं। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और कार में बैठे दोनों ठगों को पकड़ लिया। दोनों ठग दिल्ली के विपिन यादव और मेहताब हैं। पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लेकर अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ शुरू कर दी है।
पकड़े गए ठगों ने पूछताछ में बताया कि उनके टारगेट पर ग्वालियर से भिंड व मुरैना जाने वाली सवारियां ही होती थीं। इस तरह की कई वारदातों को दोनों ठग अंजाम दे चुके हैं। बीती 16 फरवरी को गोहद चौराहा जाने के लिए बैठे व्यक्ति से एक लाख रुपए की ठगी करना भी ठगों ने स्वीकार किया। 
गौरतलब है कि बीती 15 मार्च को डीबी मॉल के सामने से कार सवारों ने बनवारीलाल कौशल को मुरैना जाने के लिए बैठाया और रास्ते में चेकिंग होने का झांसा देकर उसके करीब बीस हजार रुपए ले लिए। थोड़ा आगे जाकर कार सवारों ने उसे जबरन कार से उतारा और फरार हो गए थे। .