रमजान के पहले शुक्रवार को खुदा की इबादत में झुके सिर

Mar 15 2024

ग्वालियर। रमजान के पहले शुक्रवार को जुमे की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। पहले जुमे को लेकर बंदों में सुबह से काफी उत्साह था। सबसे ज्यादा भीड़ फूलबाग स्थित मोती मस्जिद, कंपू ईदगाह, बारादरी मस्जिद, उपनगर ग्वालियर सहित शहर की तमाम मस्जिदों में रही। 
नमाज अदायगी के साथ लोगों ने आपसी भाईचारा बढ़ाने, शांति एवं खुशहाली के लिए सामूहिक रूप से दुआ मांगी। इसके पहले मस्जिदों में मजहबी तकरीरें हुईं। इनमें रमजान की अहमियत और पहले अशरे की इबादत के बारे में बताया गया। इधर बाजारों में सेहरी और इफ्तार की खरीद-फरोख्त का माहौल बना हुआ है। उधर, नगर निगम अमले ने सभी बड़ी-छोटी मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई कराई है।