महिला आईएस के नेतृत्व में दो थानों की टीम ने चोरी गए ट्रैक्टर को आरोपी सहित पकड़ा,एक फरार

Mar 15 2024

ग्वालियर। आंतरी से चोरी गया ट्रैक्टर बिजौली थाना इलाके से बरामद हुआ है। साथ ही ट्रैक्टर चुराने वाला एक आरोपी भी गिरफ्तार किया गया है। महिला आईपीएस अनु बेनीवाल के नेतृत्व में दोनों थानों की संयुक्त टीम द्वारा उक्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
बिजौली थाना प्रभारी अनु बेनीवाल आईपीएस ने बताया कि सूचना मिल रही थी, कि क्षेत्र में स्थित ग्राम अन्नाने का पुरा में चोरी का ट्रैक्टर चल रहा है। मुखबिर तंत्र को अलर्ट कर जांच करवाई गई, तो ज्ञात हुआ कि आंतरी थाना क्षेत्र के ग्राम मकोड़ा निवासी मुकेश के घर के सामने से चोरी हुआ ट्रैक्टर गांव के एक युवक के घर में खड़ा हुआ है। इस पर आंतरी टीआई रणजीत सिंधार को इसकी जानकारी दी गई। सूचना पाते ही आंतरी थाने की पुलिस बिजौली थाने पहुंच गई। 
आईपीएस द्वारा दोनों थानों की संयुक्त टीम को बताए गए स्थान पर पहुंचाया गया। जिसने उक्त ट्रैक्टर को बरामद करने के साथ ही वहीं उसे चुराने वाले आरोपी को भी पकड़ लिया। उसने पूछताछ में बनाया है कि उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर उक्त ट्रैक्टर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था, जिसकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है। वहीं आंतरी टीआई रणजीत सिंघार ने बताया कि पकड़ गए आरोपी को पीआर पर लेकर उससे अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जाएगी।