तलघर की खुदाई से पड़ोस के मकान धंसके

Mar 14 2024

ग्वालियर। लक्कडख़ाने पुल के पास तीन मंजिला मकान के लिए तलघर की खुदाई किए जाने के कारण आसपास के मकान धंसक जाने से इलाके में माहौल गरमा गया। जिन लोगों के मकान को क्षति पहुंची है उनके द्वारा कार्रवाई और मुआवजे की मांग की जा रही है। मौके पर क्षेत्रीय पार्षद ने पहुंचकर अवैध रूप से बने मकान और तलघर पर कार्रवाई करने की मांग की है। प्रशासनिक अमला जांच करने में जुट गया है।
जानकारी के मुताबिक लक्कडख़ाने पुल के पास विजय गर्ग का बहुमंजिला मकान बना हुआ है जिसमें तलघर की खुदाई की जा रही थी। खुदाई के कारण आसपास के बने घरों में दरारें और धंसकन आ जाने से दहशत फैल गई और भीड़ इक_ा हो गई।
 मकान धंसकने से पीडि़त आसिफ खान और उनके भाई शरीफ खान ने बताया कि मकान पहले से बना हुआ था अवैध रूप से तलघर की खुदाई की जा रही है। जिस कारण हमारे मकान धंसक गए और दरारें आ गई हैं। जिससे कभी भी जन-धन की हानि संभव है। 
मौके पर पार्षद जितेंद्र मुदगल भी वहां पहुंचे और मामले की जांच के लिए अधिकारियों से संपर्क किया है। फिलहाल अभी तक की स्थिति में निगम अमला जांच में जुट गया है।