सराफा कारोबारी के करोड़ों के गहनें लूटने वाले मुख्य आरोपी पकड़े, पौने तीन किलो सोने के आभूषण बरामद

Mar 11 2024

ग्वालियर। सराफा कारोबारी के करोड़ों रुपए के गहने लूटने वाले मुख्य बदमाश मुरैना पुलिस ने पकड़ कर उनके कब्जे से लूटे गए करीब पौने तीन किलो वजनी सोने के आभूषण भी बरामद हो गए हैं। जो उन्होंने जमीन के नीचे गाडक़र रखे हुए थे। पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना के पर्दाफाश के साथ ही सतत रूप से चल रहे चेंबर ऑफ कॉमर्स का आंदोलन भी सफल हो गया है।
बता दें कि ग्वालियर के सराफा कारोबारी प्रहलाद गोयल और राहुल गोयल का मुनीम शैलेष गुप्ता बीती 31 जनवरी को ड्राइवर रविंद्र पाल के साथ कार से 3 किलो 200 ग्राम सोने के गहने डिलीवरी देने के लिए जौरा कैलारस जा रहा था। इसी दौरान बागचीनी थाना क्षेत्र में स्थित कटीवरी हनुमान मंदिर के पास ड्राइवर सडक़ किनारे गाड़ी खड़ी कर टॉयलेट करने लगा। 
तभी बुलेट सवार दो बदमाशों ने कार में बैठे शैलेष पर कट्टा अड़ाकर गहनों से भरा बैग लूट ले गए थे। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच करने पर पता चला कि ड्राइवर और मुनीम ने ही यह वारदात करवाई है। 
इस पर पुलिस द्वारा बीती 7 फरवरी को ग्वालियर से तीन आरोपियों को पकडक़र उनसे घटना में उपयोग की गई दो बाइक्स व 600 ग्राम सोने के आभूषण बरामद कर लिए थे। जबकि शेष माल उन्होंने फरार आरोपियों के पास होना बताया था। जिससे पुलिस उनकी तलाश में लगी हुई थी। 
और अब तीनों फरार आरोपियों को पुलिस ने पकड़ कर उनकी निशादही पर जमीन में गाडक़र रखे 2 किलो 735 ग्राम सोने के गहने बरामद कर लिए गए हैं।
आईजी ने बढ़ाया था इनाम
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुरैना एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने फरार बदमाशों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। वहीं चंबल जोन आईजी सुशांत सक्सेना ने यह इनामी राशि बढक़र 30-30 हजार रुपए कर दी थी।
चेंबर ने बनाया था दबाव
घटना को लेकर चेंबर ऑफ कॉमर्स ने प्रशासन पर खासा दबाव बनाया था। चेंबर अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल के नेतृत्व में लगातार पुलिस व प्रशासनिक अफसरों सहित राजनेताओं को ज्ञापन दिए गए, धरना-प्रदर्शन भी किया गया। जहां तक कि बाजार बंद की घोषणा तक की गई। हालाकि ऊर्जा मंत्री की मध्यस्थता के चलते इसे टाल दिया गया। 
वहीं अब जब कि पुलिस ने पूरी घटना का पटाक्षेप करते हुए माल भी बरामद कर लिया है। तब चेंबर अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने मुरैना एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान व उनकी टीम की प्रशंसा करते हुए बधाई दी है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का भी धन्यवाद दिया है। 
चेंबर अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने बताया कि इस सराहनीय कार्य के लिए मंगलवार 12 मार्च को चेंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा ग्रेटर ग्वालियर सराफ एसोसिएशन व मुरैना व्यवसायी संघ के साथ मिलकर मुरैना एसपी व कार्रवाई में शामिल पूरी टीम को सम्मानित किया जाएगा।