एमआईटीएस में महिला दिवस पर हुआ कार्यशाला का आयोजन

Mar 08 2024

ग्वालियर। माधव प्रोद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान ग्वालियर के गल्र्स ग्रीवेंस सेल ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अनुभव पुलिस अधिकारियों का जीवन अनुभव शीर्षक से एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यशाला में महिला पुलिस अधिकारी, श्रीमती रुचिता चतुर्वेदी (डीएसपी सीआईडी) और सुश्री हिना खान (सीएसपी) मुख्य अतिथियों के रूप में शामिल रहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महाविद्यालय अधिकारी, प्राध्यापकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यशाला में संस्थान के छात्रों, प्राध्यापको एवं महाविद्यालय की अन्य महिला सदस्यों ने पुलिस अधिकारियों के साथ अपने अनुभवों को साझा करने का अद्वितीय अवसर पाया। यहां छात्रों ने विभिन्न चुनौतियों का सामना करने के दौरान कैसे सीखें और उन्हें कैसे अवसर में बदला जा सकता है और ऐसे अन्य विचारों को ग्रहण किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती रुचिता चतुर्वेदी ने बताया कि महिलाओं को पुलिस विभाग में अधिक से अधिक भागीदारी करने का समय आ गया है। उन्होंने अपने संघर्षों और सफलताओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्तिकरण की ओर बढऩे के लिए प्रेरित किया।
वहीं कार्यशाला में हिना खान ने बताया कि पुलिस विभाग में काम करते समय जीवन में आए चुनौतियों का सामना कैसे किया जा सकता है और महिलाएं इसमें कैसे सक्षम हो सकती हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित डीन एकेडमिक्स डॉ मंजरी पंडित ने बताया कि इस कार्यशाला का आयोजन महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति कॉलेज की प्रतिबद्धता को दर्शाता है और छात्रों को यहां से मिली जानकारी से उनके दृष्टिकोण को बदलने का एक नया दृष्टिकोण प्रदान करेगा। साथ ही प्रॉक्टर डॉ आरएस जादौन ने पुरुष के तौर और महिलाओं के प्रति उनके दायित्वों और अनुभवों पर जोर दिया। कार्यक्रम में डॉ अंजलि पाटिल एवं अन्य महिला अध्यापक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ अंशु चतुर्वेदी द्वारा की गई और यह शानदार कार्यशाला महिलाओं को सुरक्षित और समृद्धि से भरपूर जीवन की दिशा में एक कदम आगे बढ़ाने और हमारी मातृ शक्ति को आभार प्रकट करने की दिशा में सार्थक साबित हुआ।