भव्य एयरपोर्ट के निर्माण से ग्वालियर के विकास के लिये नए दरवाजे खुलेंगे- सिंधिया

Mar 07 2024

ग्वालियर। देश के नागर विमानन इतिहास में सबसे कम समय में बनकर ग्वालियर में तैयार हुए राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल एवं देश की राजधानी में नवनिर्मित विश्व के दूसरे सबसे बड़े एयरपोर्ट सहित देशभर के 16 हवाईअड्डों का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 10 मार्च को वर्चुअल लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इन एयरपोर्ट का निर्माण लगभग 18 हजार करोड़ रुपए की लागत से हो रहा है। इस आशय की जानकारी केन्द्रीय नागर विमानन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दी। श्री सिंधिया गुरूवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में जनप्रतिनिधिगणों एवं वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त बैठक में राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल के उदघाटन समारोह की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। 
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने बताया कि ग्वालियर में आयोजित होने जा रहे उदघाटन समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि ग्वालियर के विकास के इतिहास में यह एयर टर्मिनल नए अध्याय के रूप में जुड़ रहा है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर के एयर टर्मिनल के निर्माण से ग्वालियर के विकास के लिये नए दरवाजे खुलेंगे। इसलिए पूरी भव्यता के साथ उदघाटन समारोह का आयोजन हो। श्री सिंधिया ने बैठक में मौजूद राज्य शासन के मंत्रिगणों, विधायकगणों एवं अन्य जनप्रतिनिधिगणों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को एयर टर्मिनल के उदघाटन की जानकारी दें, जिससे लोग इस भव्य आयोजन में शामिल हो सकें। 
10 मार्च को होने वाले राजमाता विजयराजे सिंधिया एयर टर्मिनल के नए भवन के लोकार्पण समारोह की तैयारियों को लेकर अफसरों से चर्चा की। सिंधिया ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट टर्मिनल ग्वालियर में बनकर तैयार हो चुका है। एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण देश के प्रधानमंत्री वर्चुअली करेंगे। इस एयरपोर्ट टर्मिनल के लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव शामिल होंगे।
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि 10 मार्च को ग्वालियर में प्रात 9 बजे से एयर टर्मिनल का उदघाटन समारोह शुरू होगा। एयरपोर्ट परिसर में स्थापित राजमाता विजयाराजे सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण भी इस अवसर पर किया जायेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगभग 11.45 बजे इस कार्यक्रम से वर्चुअली जुडक़र एयर टर्मिनल का उदघाटन करेंगे। कार्यक्रम में ग्वालियर जिले के अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन भी होगा। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए जायेंगे। 
बैठक में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा ग्वालियर को भव्य एयर टर्मिनल के रूप में मिलने जा रही विकास की ऐतिहासिक सौगात के उदघाटन कार्यक्रम में शामिल होने ग्वालियर चंबल संभाग के सभी जिलों के नागरिक आयेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर सभी जिलों के नागरिकों के बैठने के लिये अलग-अलग सेक्टर निर्धारित करें। साथ ही हर जिले से नागरिकों को लेकर आने वाले वाहनों व पार्किंग स्थलों की अलग-अलग कलर कोडिंग भी की जाए, जिससे सभी लोग सुविधाजनक तरीके से अपने सेक्टर में पहुँच सकें। केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने यह भी निर्देश दिए कि वाहन पार्किंग व्यवस्था ऐसी हो, जिससे लोगों को अपने निर्धारित स्थल पर पहुँचने के लिये कम से कम दूरी तय करनी पड़े। इसी तरह पार्किंग से कार्यक्रम स्थल तक पहुँचने के लिये मार्ग भी निर्धारित किए जाएँ। 
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर का नया एयर टर्मिनल अब प्रदेश का सबसे बड़ा एयर टर्मिनल हो गया है। यह इंदौर और भोपाल के टर्मिनल से भी बड़ा है। ग्वालियर शहर वर्तमान में हवाई मार्ग से देश के सात शहरों से जुड़ चुका है, जिसमें और विस्तार होगा।
बैठक में प्रदेश के मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, नारायण सिंह कुशवाह, एदल सिंह कंषाना, गोविंद सिंह राजपूत व ग्वालियर चंबल संभाग के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायकगण, पूर्व मंत्री भारत सिंह कुशवाह, अभय चौधरी, कौशल शर्मा सहित केन्द्रीय नागर विमानन विभाग की संयुक्त सचिव श्रीमती रूबीना अली, शरद कुमार, संभागायुक्त दीपक सिंह, आईजी अरविंद सक्सेना, कलेक्टरअक्षय कुमार सिंह, एसपी राजेश चंदेल, निगमायुक्त हर्ष सिंह, जिला पंचायत सीईओ विवेक कुमार, अपर कलेक्टर  टीएन सिंह, एएसपी क्रइम ऋषिकेश मीणा समेत एयरपोर्ट अथॉरिटी व अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित थे।