विज्ञान महाविद्यालय में महिला अतिथि विद्वान को मिलेगा सवैतनिक मातृत्व अवकाश

Mar 01 2024

ग्वालियर।श्रीमंत माधवराव सिंधिया शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय की जनभागीदारी की सामान्य परिषद एवं प्रबंध समिति की संयुक्त बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिसमें पहली बार किसी महाविद्यालय की महिला अतिथि विद्वानों को सवैतनिक 30 दिवसीय मातृत्व अवकाश के अलावा 10 करोड़ रुपए की लागत से एक हजार बैठक क्षमता का सभागार बनाने का प्रस्ताव पास किया गया।
जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष वरिष्ठ आर्किटेक्ट अजय बंसल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्राचार्य डॉ बीपीएस जादौन सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए श्री बंसल ने बताया कि महाविद्यालय में 11.50 करोड़ रुपए की लागत से कई विकास कार्यों के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही समिति सदस्य निधि गर्ग एवं रेखा गर्ग के द्वारा महिला अतिथि विद्वान को सवैतनिक 30 दिवसीय मातृत्व अवकाश स्वीकृत किया गया। 
बैठक में अशोक कुमार शर्मा, निधि गर्ग, अलोपी बंसल, अमित सेठी, शुभम जैन, रेखा गर्ग, राजेश गुर्जर, अभिषेक राजावत, शिवराज कटारे, योगेश इंदोरिया, डॉ नागेंद्र चतुर्वेदी, डॉ एसएस सेंगर, डॉ आरके खरे आदि मौजूद रहे।