ग्वालियर शुक्रवार को आंधी के बाद हुई बारिश, बढ़ी किसानों की चिंता

Mar 01 2024

ग्वालियर। मार्च महीने का पहला दिन मौसम में बदलाव लेकर आया। दिन में तेज धूप पर बादल और बारिश का साया भारी पड़ता नजर आया है। शुक्रवार को ग्वालियर-चंबल संभाग के लिए यलो अलर्ट घोषित था। मौसम विभाग आंधी, बारिश की चेतावनी दे चुका था। ठीक वैसा ही हुआ। शुक्रवार को दोपहर बाद 3.40 बजे अचानक तेज धूल भरी आंधी चलने लगी। करीब 10 मिनट बाद पूरे शहर में बारिश शुरू हो गई है। आंधी और बारिश से किसानों के चेहरे पर चिंता दिखाई दे रही है। फिलहाल अभी कहीं ओले गिरने की सूचना नहीं मिली है।
ग्वालियर-चंबल अंचल में मौसम पल-पल अपना रुख बदल रहा है। इससे मार्च महीने का आगाज तेज हवा, बारिश के साथ शुक्रवार को शुरू हुआ है। मौसम विभाग ने तेज बारिश व ओले गिरने की संभावना जताई थी, लेकिन शाम तक कहीं ओले गिरने की सूचना नहीं मिली है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से अरब सागर से करीब 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चली है। सडक़ों पर होर्डिंग्स उड़ते नजर आए हैं। शुक्रवार सुबह आसमान साफ था और धूप तेज होती जा रही थी, लेकिन दोपहर बाद अचानक आसमान में बादल मंडराने लगे और दोपहर बाद तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई है। जिससे शहर की निचली बस्तियों में पानी भर गया है।
बारिश और आंधी के चलते अंचल के किसानों की चिंता बढ़ गई है। लगातार झमाझम बारिश होने से किसानों को चिंता क्योंकि उनकी फसल लगभग पक गई है और बारिश-ओले से फसलों को नुकसान होगा।
मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने कहा कि 5 मार्च को फिर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। जिसके चलते शुक्रवार व शनिवार को ग्वालियर-चंबल संभाग में धूल भरी आंधी, बारिश व ओले गिरने की संभावना है। मार्च में पहले से तीसरे सप्ताह के बीच बारिश होने की संभावना है।