लोकतंत्र सेनानी संघ ने मप्र से दो लोकसभा के टिकट मांगे

Mar 01 2024

ग्वालियर। लोकतंत्र सेनानी संघ ने दो मीसा बंदी नेताओं को लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की है। संघ ने अपनी मांग को लेकर भाजपा के शीर्ष नेताओं को ज्ञापन भेजते हुए कहा है कि संघ ने लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को जिताने का संकल्प लिया है अगर पार्टी दो मीसा बंदी नेताओं को टिकट देती है तो उनकी उपस्थिति लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेगी। 
लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय सचिव मदन बाथम एवं प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन विटवेकर ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि लोकसभा निर्वाचन-2024 में संगठन की ओर से संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी को संसदीय क्षेत्र  होशंगाबाद (नर्मदापुरम) एवं प्रदेशाध्यक्ष तपन भौमिक को संसदीय क्षेत्र भोपाल से भाजपा प्रत्याशी बनाये जाने के लिए संघ ने भाजपा के शीर्ष नेताओं को ज्ञापन भेजे हैं। 
कांग्रेस द्वारा 1975 में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या की गयी थी, उसका स्मरण इन दोनों नेताओं के सदन में रहने से होता रहेगा।