जौरासी में अष्ट महालक्ष्मी का मंदिर बनकर तैयार ,7 मार्च को लक्ष्मीजी की प्राण प्रतिष्ठा की

Feb 28 2024

ग्वालियर। शहर को 7 मार्च से मां लक्ष्मी का आशीर्वाद मिलना शुरू हो जाएगा। जौरासी में अष्ट महालक्ष्मी का मंदिर बनकर तैयार हो चुका है। 7 मार्च को महालक्ष्मी सहित 11 मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा होगी। मां लक्ष्मी की उनकी सात बहनों के साथ प्रतिमाएं बनकर तैयार हैं। मां लक्ष्मी के साथ भगवान श्रीगणेश और मां सरस्वती की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा भी की जाएगी। जौरासी हनुमान मंदिर ट्रस्ट द्वारा 15 करोड़ रुपए की लागत से महालक्ष्मी का भव्य मंदिर तैयार कराया गया है।
जौरासी हनुमान मंदिर के पीछे तैयार हुए लक्ष्मी मंदिर में अष्ट लक्ष्मी की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। मां लक्ष्मी की छह फीट की प्रतिमा के साथ उनकी सात बहनों की प्रतिमाएं जयपुर में तैयार कराई गई हैं। उनकी सात बहनों की प्रतिमाएं दो-दो फीट की तैयार कराई गई हैं। प्राण प्रतिष्ठा के बाद अंचल की खुशहाली के रास्ते खुल जाएंगे। तीन मंजिला मां लक्ष्मी मंदिर तीन बीघा में बनाया गया है। भू-तल पर सत्संग भजन तैयार किया गया है। साथ ही संतों के ठहरने के लिए संत निवास भी तैयार किया गया है।
मंदिर का निर्माण हनुमान मंदिर ट्रस्ट जौरासी ने कराया है। शहर से लगभग 12 किमी दूर स्थित मंदिर के निर्माण पर लगभग 15 करोड़ रुपए की लागत आई है। ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेश चतुर्वेदी ने बताया कि लगभग तीन बीघा क्षेत्र में बने मंदिर परिसर का निर्माण मई 2018 को चालू हुआ था। मां लक्ष्मी का तीन मंजिला भव्य भवन बनकर तैयार हो चुका है। मंदिर का निर्माण कार्य करीब पांच वर्ष पूर्व 2018 में शुरू किया गया था। मंदिर के निर्माण के लिए भक्तों ने भी आगे बढ़-बढक़र सहयोग किया।
मंदिर स्थापना के बाद हर साल 6 मार्च को कार्यक्रम होंगे। ट्रस्ट ने लोकार्पण से पहले 7 दिन के कार्यक्रम तय किए हैं। इसमें 10 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। जौरासी पर बने अष्ट महालक्ष्मी मंदिर पर 7 दिन के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ कलश यात्रा से होगा। मुख्य कार्यक्रम में एक लाख से ज्यादा लोग उपस्थित होंगे।