पेटीएम मैनेजर की पत्नी ने जहर खाया अस्पताल में भर्ती, हालत खतरे से बाहर

Feb 28 2024

ग्वालियर। इंदौर में 25 फरवरी को सुसाइड करने वाले पेटीएम मैनेजर गौरव गुप्ता की पत्नी मोहिनी (38) ने बुधवार को ग्वालियर में जहर खाकर जान देने की कोशिश की। मोहिनी को जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
उसे जेएएच के सी-ब्लॉक में भर्ती कराया गया है। यहां महिला के देवर ने कहा है कि पेटीएम कंपनी का कोई विवाद नहीं है। भाभी पिछले 15 दिन से किसी बात पर लडकर जहर की पुडिय़ा लेकर भाई को आत्महत्या की धमकी दे रही थीं। जिससे डिप्रेशन में आकर उन्होंने यह कदम उठा लिया। अब भाभी को पछतावा हुआ तो यह भी सुसाइड करने चली थीं।
ग्वालियर के तारागंज निवासी मृतक गौरव गुप्ता के सुसाइड केस को अभी 3 दिन भी नहीं हुए थे कि बुधवार को उसकी पत्नी मोहिनी गुप्ता ने जहर खा लिया। मोहनी नहाने की बोलकर गई थी और बाथरूम में जाकर अचानक गिर पड़ी। परिजन पहुंचे तो उसने बताया कि चूहा मारने की दवा खा ली है। 
जब परिजन को उसके जहर खाने का पता लगा तो तत्काल जेएएच लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया तो मोहिनी को खतरे में जाने से पहले बचा लिया गया। अस्पताल से मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। 
महिला के देवर नीरज गुप्ता ने बताया कि भाभी डिप्रेशन में थीं। असल में भैया की मौत की वजह वहीं हैं। इंदौर में किसी बात पर उनका भाई से विवाद हुआ था। जिसके बाद वह पिछले 15 दिन से जहर की पुडिय़ा लेकर उसे खुदकुशी करने की धमकी दे रही थीं। जिससे वह डिप्रेशन में आ गया और मैनेजर गौरव गुप्ता ने फांसी लगाकर जान दे दी। अब भाई की मौत के बाद भाभी खुद को जिम्मेदार मान रही थीं और डिप्रेशन में थी। यही कारण है कि उसने भी खुदकुशी करने के इरादे से जहर खा लिया। नीरज ने यह भी कहा है कि बात मोहिनी भाभी ने ही उनको बताकर अपनी पूरी हरकत कुबूल की है।
क्या था विवाद क्यों परेशानी कर रही थी पत्नी
25 फरवरी को मोहिनी के पति गौरव ने सुसाइड किया था, जबकि उससे एक दिन पहले 24 फरवरी को उसने अपनी साली पूनम गुप्ता के जन्मदिन का समारोह घर पर ही मनाया था। बाहर से केक लाया था सभी के लिए मिठाई लाकर सेलिब्रेशन किया था। साली भी गौरव व मोहिनी के साथ इंदौर में रहती थी। वह वहां एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। चंद घंटों पहले किसी को महसूस भी नहीं होने दिया कि उसके मन में क्या चल रहा है। अगले दिन सुबह यह आत्मघाती कदम उठा लिया। पर सवाल यह उठता है कि ऐसा इंदौर में क्या हुआ था जिस पर गौरव को उसकी पत्नी जहर खाकर जान देने की धमकी दे रही थी। यह अभी भी परिजन नहीं बता रहे हैं।
मृतक के बड़े भाई अजीत गुप्ता का कहना है कि 9 साल पहले छोटे भाई गौरव की शादी ग्वालियर की रहने वाली मोहिनी से हुई थी। पत्नी मोहिनी के अलावा उसकी दो बेटियां है। बड़ी बेटी आदया (4), छोटी बेटी अवनी (9 माह) की है। घर पर बुजुर्ग मां-पिता हैं। वो परिवार में सभी का ख्याल रखता था।
परिजन ने बताया है कि इंदौर के लसूडिय़ा थाना स्थित स्कीन नंबर-78, तीन नंबर पानी की टंकी इंदौर में रहने वाले गौरव गुप्ता जिस फ्लैट में रहते थे यह उनके ससुर कृष्णकांत गुप्ता निवासी ग्वालियर के नाम पर था। इस फ्लैट में गौरव के परिवार के साथ उसकी साली पूनम गुप्ता भी रहती है। पूनम की अभी शादी नहीं हुई है। एक सप्ताह पहले ही उसका ससुर भी इंदौर पहुंच गया था।