पर्यावरण संरक्षण में पुलिस हर संभव सहयोग करेगी: आईजी सक्सेना

Feb 27 2024

ग्वालियर। ग्वालियर जोन के नवनियुक्त आईजी अरविंद कुमार सक्सेना ने आरटीआई फाउंडेशन और नगर वन समिति के संयुक्त प्रतिनिधि मंडल को पर्यावरण संरक्षण हेतु ग्रीन ट्रिब्यूनल की गाइड लाइनों का हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा  कि अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर वन सुरक्षा समिति ग्वालियर के पदाधिकारी शाहिद खान और उनकी टीम ने आईजी श्री सक्सेना से उनके कार्यालय में पहुंचकर भेट की। आरटीआई फाउंडेशन के अध्यक्ष संजय दीक्षित और वन विकास समिति ग्वालियर के अध्यक्ष शाहिद खान पठान की नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आईजी श्री सक्सेना का स्वागत किया और पर्यावरण संरक्षण तथा अवैध खनन को रोकने के मुद्दे पर उनसे सहयोग की अपील की। जिस पर श्री सक्सेना ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जन जागृति और प्रशासन का सहयोग जरूरी है। अत: पुलिस अवैध खनन को रोकने और पर्यावरण का संरक्षण करने के मुद्दों पर हर संभव सहयोग करेगी। 
इस अवसर पर संजय दीक्षित और शाहिद पठान के साथ शैलेंद्र कुशवाह तथा शकील खान पठान आदि उपस्थित रहे।