बहुचर्चित अक्षया हत्याकाण्ड के गवाह पर बदमाशों ने की फायरिंग, फैली दहशत

Feb 27 2024

ग्वालियर। पूर्व पुलिस महानिदेशक की नातिन अक्षया यादव की हत्या के मामले की चश्मदीद गवाह सोनाक्षी शर्मा की मां करुणा शर्मा को मंगलवार सुबह 9 बजे के करीब दो अज्ञात बदमाशों के द्वारा रास्ता रोक कर पहले गवाही देने से हट जाने के लिए धमकी देते हुए हवाई फायर कर दहशत फैला दी। जैसे ही गोली चली, आसपास के लोग तितरबितर हो गए। मौके पर पुलिस पहुंची। उससे पहले ही बदमाश फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। 
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले वर्ष 10 जुलाई को रिटायर्ड डीजीपी सुरेंद्र यादव की नातिन अक्षया यादव की बेटी बचाओ चौराहे पर गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। पुलिस ने आरोपियों गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जज ने इस हत्याकांड में तीनों नाबालिग आरोपियों को दोषी ठहराते हुए उन्हें बाल सुधार गृह भेजा था। इस मामले में मुख्य गवाह अक्षया यादव की सहेली सोनाक्षी शर्मा बनी। आरोपियों की ओर से पूर्व में भी छात्रा सोनाक्षी शर्मा की मां को अपनी बेटी को अक्षया यादव हत्याकांड मामले में गवाही ना देने के लिए धमकाया गया था। 
हाल ही में कुछ दिन पहले ही अक्षया हत्याकांड के आरोपी तीन नाबालिग हत्यारोपी बाल सप्रेषण गृह से रसोइया को धक्का देकर दीवार फांदकर फरार हो गये थे। जिसके बाद से गवाह सोनाक्षी के घर पर सुरक्षा बढ़ा दी गयी थी। और सोनाक्षी की मां करूणा शर्मा ने अपनी और बेटी की जान को खतरा बताया था। लेकिन मंगलवार की वारदात ने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिये हैं। 
सुरक्षा को लेकर कई बार लगाई गुहार
सोनाक्षी शर्मा की मां करुणा शर्मा पेशे से शिक्षिका हैं। मंगलवार सुबह अपने घर से एक्टिवा पर सवार होकर स्कूल जाने के लिए निकली थीं। अभी वह घर से कुछ दूरी का रास्ता ही तय कर पाईं थीं तभी 12 बीघा सिकंदर कम्पू पर दो अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया और धमकी दी कि अपनी बेटी को अक्षया हत्याकांड में गवाही देने से हटा ले वरना गंभीर परिणाम भुगतना होंगे। आरोपीगण ने दहशत फैलाने के लिए माउजर से हवाई फायर भी किया। वारदात की सूचना मिलते ही माधवगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी।