प्रॉपर्टी डीलर फैमिली सुसाइड का आरोपी पुलिस हिरासत में

Feb 26 2024

ग्वालियर। प्रॉपर्टी डीलर, प्रींसिपल पत्नी सहित बेटे द्वारा सामूहिक खुदकुशी केस में ठीक एक महीने बाद आरोपी प्रॉपर्टी डीलर देवेन्द्र पाठक उर्फ बैटल पुलिस ने पकड़ा है। खबर तो यह भी है कि वह खुद क्राइम ब्रांच के पास पहुंचा है और उसने अभी पुलिस अफसरों को बताया है कि प्रॉपर्टी डीलर का बेटा मेरे साथ नशा करता था। बस इससे ज्यादा कुछ नहीं है। 
यह तो पुलिस को भी पता है कि सिर्फ नशा वजह नहीं है। इसके लिए कोई पूरा परिवार सहित सुसाइड नहीं करेगा। अब आरोपी प्रॉपर्टी डीलर के बेटे को क्यों बार-बार परेशान कर रहा था इसका पता पुलिस लगा रही है। क्योंकि प्रॉपर्टी डीलर ने खुदकुशी से पहले सुसाइड नोट में बेटे की मौत के लिए प्रॉपर्टी डीलर देवेन्द्र पाठक को ही दोषी करार दिया था।
बतादें कि सिरोल थाना स्थित हरखेड़ा रोड तिराहा पर 28 जनवरी की सुबह एक प्रॉपर्टी डीलर जीतू उर्फ जितेन्द्र झा, उसकी पत्नी त्रिवेणी और बेटा अचल झा के सामूहिक खुदकुशी के बाद मौके से मिले सुसाइड नोट में देवेन्द्र पाठक उर्फ बैटल का नाम सामने आया था। 
सुसाइड नोट में प्रॉपर्टी कारोबारी ने लिखा था कि मेरे बेटे की मौत खुदकुशी नहीं हत्या है और उसके लिए देवेन्द्र पाठक उर्फ बैटल जिम्मेदार है। उसने मेरे बेटे को बहुत परेशान किया है। पर वह परेशान क्यों करता था, इसका जिक्र नहीं किया गया था। अब पुलिस के हाथ आरोपी बैटल उर्फ देवेन्द्र लग गया है। पुलिस के सामने चुनौती है कि उससे सच उगलवाना। फिलहाल तो वह यहां वहां की बात कर रहा है, लेकिन जल्द पुलिस उससे डिटेल में पूछताछ करेगी।
परिजन ने लगाया था हत्या का आरोप
इस मामले में प्रॉपर्टी डीलर के बड़े भाई ललित कुमार झा ने भाई के परिवार के मामले में सामूहिक खुदकशी न बताते हुए हत्या बताया था। घटना स्थल पर एक रूम की खिडक़ी की ग्रिल उखड़ी पड़ी थी। साथ ही कई ऐसी बातें थी जो घटना स्थल का संदिग्ध बता रही थीं। ललित कुमार झा का कहना है कि अभी तक पुलिस ने हमारे सामने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का खुलासा भी नहीं किया है।