डॉ राजेश प्रजापति बने मप्र एएसआई के अध्यक्ष

Feb 26 2024

ग्वालियर। सर्जरी विभाग गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय, कैंसर हॉस्पिटल एवं रिसर्च इंस्टीट्यूट,एएसआई सिटी चैप्टर की सहभागिता के तत्वावधान में एमपीएसईकोन-2024 का आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय 500 के लगभग शल्य चिकित्सकों ने भागीदारी की। इसके प्रथम दिवस प्री-कॉन्फ्रेंस वर्कशॉप का भी आयोजन किया गया, जिसमें एएसआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रोबल नियोगी सहित देश एवं प्रदेश के प्रसिद्ध शल्य चिकित्सक विशेष रूप से उपस्थित रहे। एएसआई के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय जैन (भोपाल), डॉ. प्रताप वरूते डॉ. भंवर लाल यादव, सर गंगाराम हॉस्पिटल नई दिल्ली के डॉ तरुण मित्तल एवं डॉ मुकुंद खेतन तथा मेदांता हॉस्पिटल गुडग़ांव के डॉक्टर तरुण ग्रोवर जैसे कई प्रसिद्ध शल्य चिकित्सकों ने अपने व्याख्यान दिए।
कॉन्फ्रेंस में डॉक्टर बीबी ओहरी मेमोरियल (ओरेशन) व्याख्यान एएसआई के अध्यक्ष डॉ प्रोबल नियोगी के द्वारा दिया गया। इसी क्रम में डॉक्टर बीआर पारेख मेमोरियल (ओरेशन) व्याख्यान ग्वालियर के डॉक्टर अचल गुप्ता द्वारा दिया गया।
कॉन्फ्रेंस में चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं और उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉक्टर बीआर श्रीवास्तव डायरेक्टर कैंसर हॉस्पिटल एवं डॉक्टर एसके निगम (भोपाल) को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया गया।
डॉ राजेश प्रजापति को सत्र 2024-25 के लिए सर्वसम्मति से एएसआई एमपी स्टेट चैप्टर का अध्यक्ष भी चयनित किया गया। 
स्नातकोत्तर कर रहे छात्रों के प्रोत्साहन हेतु विशेष रूप से विशेष सत्र का आयोजन किया गया इसके तहत बेस्ट थीसिस अवार्ड, बेस्ट आईपी अग्रवाल पेपर अवार्ड, बेस्ट व्हीके अग्रवाल बेस्ट पेपर अवार्ड, बेस्ट केस प्रेजेंटेशन अवार्ड एवं सुशील झवर बेस्ट यंग सर्जन अवार्ड दिए गए। इस अवसर पर दिलीप आचार्य स्नातकोत्तर क्विज का आयोजन भी किया गया जिसमें ग्वालियर विजेता तथा भोपाल और इंदौर उप विजेता रहे।