जेएएच में शराबियों ने मिल्क पार्लर और गाडिय़ों में तोडफ़ोड़ कर छात्राओं को छेड़ा, जूडो ने लगाया जाम

Feb 26 2024

ग्वालियर। जयारोग्य हॉस्पिटल (जेएएच) कैंपस में गत देर रात शराब पी रहे बाहरी युवकों ने मेडिकल छात्राओं से छेडख़ानी की और साथी जूनियर डॉक्टरों से मारपीट कर दी। फिर कैंपस के मिल्क पार्लर और गाडिय़ों में तोडफ़ोड़ कर भाग गए। बाद में जूनियर डॉक्टरों ने कंपू के आमखो चौराहे पर आरोपियों को घेर लिया। यहां दोनों पक्ष भिड़ गए। पुलिस भी पहुंच गई। इस बीच पुलिस जवान ने जूनियर डॉक्टर को न पहचानते हुए उसे चांटा जड़ दिया। इससे माहौल गरमा गया। जूडा ने सडक़ जाम कर दी। वे पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। 
हंगामे की खबर मिलते ही एएसपी अखिलेश रैनवाल, सीएसपी अशोक जादौन, कंपू टीआई सहित तीन थाने कंपू, इदरगंज, झांसी रोड का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। वज्र वाहन टीम को भी बुला लिया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जाम खोलने के लिए कहा, लेकिन जूडा ने मना कर दिया। उनका कहना था कि पहले उस जवान को बुलाया जाए, जिसने हमारे साथी को चांटा मारा है। उसका निलंबन हो। हमलावर शराबी युवकों पर भी एफआईआर हो। जेएएच परिसर  में गत रात 8 बजे से शुरू हुआ विवाद रात 11.30 बजे तक चला। इस बीच जेएएच अधीक्षक डॉ. आरकेएस धाकड़ भी पहुंच गए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराएंगे। पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद जूडा ने रात 12 बजे धरना खत्म कर दिया।
जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि कुछ बाहरी लोग रात 8 बजे जेएएच कैंपस में मिल्क पार्लर के पीछे शराब पी रहे थे। शराबियों ने छात्राओं से बदतमीजी की। विरोध करने पर हमारे लोगों से मारपीट की और मिल्क पार्लर तोड़ दिया। कार और दूसरी गाडिय़ों में भी तोडफ़ोड़ की। डायल-100 पर जानकारी दी। इसके एक जवान ने हमारी बात सुनने की जगह, अभद्रता की। बताया जा रहा है कि शराब पीकर हंगामा करने वालों में एक की पहचान किसी सुनील की हुई है। हमलावरों ने डॉ. शिवम पचौरी, डॉ. राहुल कुशवाह सहित पांच से छह जूनियर डॉक्टरों की गाड़ी तोड़ी है।
जूडा मोबाइल में उस पुलिस जवान का फोटो लेकर नारेबाजी कर रहे थे, जिसने उनके साथी को चांटा मारा।
देर रात पुलिस और जूडा में दो बातों पर सहमति बनी। इनमें जिस पुलिसकर्मी ने चांटा मारा है, उसकी पहचान कर कार्रवाई की जाए। दूसरा जेएएच की चौकी पर जवान मौजूद रहें। इसके बाद आंदोलन खत्म हो गया।
सूत्रों की मानें तो कुछ मेडिकल छात्रों का शराब की दुकान पर हमलावरों से झगड़ा हुआ था। यही हमलावर गत रात को कैंपस में नजर आ गए तो उनमें फिर विवाद हो गया। जूनियर डॉक्टरों का आरोप है कि आरोपी मेडिकल छात्राओं से भी बदतमीजी कर रहे थे।