शुद्ध पेयजल के बिना जीवन की परिकल्पना अधूरी है: संभागायुक्त दीपक

Feb 23 2024

ग्वालियर। जल जीवन मिशन की प्राथमिकता और शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अभिशरण की आवश्यकता विषय पर अंतरविभागीय संभागीय कार्यशाला शुक्रवार को आयोजित की गई। 
शुक्रवार को प्रात:10 बजे तानसेन रेसीडेंसी में संभागायुक्त दीपक सिंह ने दीप प्रजावल्लित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया। इस मौके पर कलेक्टर अक्षय कुमार ङ्क्षसह व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे। कार्यशाला में जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन, जल गुणवत्ता एवं पूर्ण हो चुकीं नल जल योजनाओं के हस्तांतरण सहित अन्य विषयों पर भी विचार मंथन किया गया। 
कार्यशाला को संबोधित करते हुए संभागायुक्त दीपक सिंह ने कहा कि आज के दौर में पेयजल का महत्व बताने की आवश्यकता नहीं है, बस सभी को इतना समझ होना चाहिए कि शुद्ध पेयजल के बिना जीवन की परिकल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य जिले के प्रत्येक घर को नल से जल पहुंचाने का है जिसमें आप सभी का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने कार्यशाला में आये अन्य पदाधिकारियों से पेयजल से जुड़े अन्य विषयों पर वार्ता की। 
इस दौरान जल को कैसे संरक्षित किया जा सकता है इस विषय पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जब तक आप सभी तकनीकी पहलुओं से अवगत नहीं होंगे तब तक पेयजल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करना संभव नहीं है. यदि इस दूषित पेयजल विषय को गंभीरता से नहीं लिया गया तो आने वाले समय में हमारे बच्चे शुद्ध जल से वंचित रह जाएंगे। जल जीवन मिशन योजना से हर परिवार को आम जनमानस के सहयोग से शुद्ध पेयजल मुहैया कराने की जिमेदारी सरकार की है। 
जल जीवन मिशन योजना पूरे देश में जोरो से चलाई जा रही है इस योजना का मुख्य उद्देश्य हर घर तक जल पहुंचाना है ताकि लोगों को शुद्ध पेयजल मिल सके।
इसके लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के द्वारा एक से बढक़र एक ठोस कदम उठाई जा रही है ताकि देश के कोने-कोने तक प्रत्येक घर में नल के माध्यम से शुद्ध जल पहुंचा जा सके।
कार्यशाला में ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों की जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन  अधिकारी, कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यंत्री, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (प्रतिनिधि), जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय आजीविका मिशन, जिला परियोजना समन्वयक सर्वशिक्षा अभियान एवं जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन भाग लिया।